
महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के नासिक जिले में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक बांध में नहाने के दौरान एक व्यक्ति और उसकी दो नाबालिग बेटियों की डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि तीनों बांध की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सके और पानी में डूब गए।
अधिकारियों के मुताबिक, तीनों त्र्यंबकेश्वर तालुका के अंजनेरी शिवर इलाके में बेजे बांध के पास रहने वाले एक रिश्तेदार के घर आए थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वे बांध में नहाने के लिए गए। इस दौरान उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और तीनों डूब गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने बचाव एजेंसियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। त्र्यंबकेश्वर प्रशासन के एक अधिकारी ने घटना की जानकारी दी।
प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुरेश नामदेव भोर (42) और उनकी दो बेटियों ज्योति सुरेश भोर (10) और हर्षदा सुरेश भोर (7) के रूप में हुई है। तीनों जिले के इगतपुरी तालुका स्थित वाघेरे गांव के निवासी थे। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved