img-fluid

सोनिया गांधी के दावे पर अन्ना हजारे का पलटवार, बोले- देश के बारे में सोचिए, संकीर्ण नजरिया मत रखिए

November 12, 2026

मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब में अन्ना हजारे (Anna Hazare) के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को लेकर किए गए दावों पर अब सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोनिया गांधी के दावों को गलत बताते हुए कहा कि उनका न तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) से कोई संबंध है और न ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से। उन्होंने सोनिया गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि देश के बारे में सोचिए और संकीर्ण नजरिया मत रखिए।



  • महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि में मीडिया से बातचीत के दौरान अन्ना हजारे ने कहा कि वह किसी राजनीतिक पार्टी के बारे में नहीं सोचते। उनका काम समाज और देश के लिए है। उन्होंने कहा, “मेरा बीजेपी या RSS से कोई संबंध नहीं है। मैं इन संगठनों के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होता। मैं जो कुछ भी करता हूं, वह समाज और देश के लिए करता हूं। मेरे लिए देश सबसे पहले है।”

    अन्ना हजारे ने इस दावे पर भी सवाल उठाया कि उनके भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के कारण वर्ष 2014 में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने पूछा कि आखिर इस निष्कर्ष पर पहुंचने का आधार क्या है कि उनकी वजह से सरकार चुनाव हारी थी।

    सोनिया गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्ना ने कहा कि उन्होंने अब तक सोनिया गांधी को नहीं देखा है और न ही सोनिया गांधी ने उन्हें देखा है। ऐसे में बिना एक-दूसरे से मिले इस तरह की टिप्पणी करना कितना उचित है? उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को कोई भी बात जिम्मेदारी से कहनी चाहिए। बिना स्पष्ट आधार के किसी के बारे में टिप्पणी करना उचित नहीं है, क्योंकि इससे उसकी छवि प्रभावित हो सकती है।

    सोनिया गांधी ने किताब में किया है आंदोलन का जिक्र

    दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन का उल्लेख किया है। किताब में उन्होंने लिखा है कि आंदोलन से जुड़े कुछ प्रमुख लोगों ने बाद में बताया था कि इसे बीजेपी और RSS की ओर से पर्दे के पीछे समर्थन दिया गया था। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद अन्ना हजारे के आंदोलन और उस दौर की राजनीति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

    अन्ना हजारे ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनके बारे में कौन क्या लिखता या कहता है। उनके मुताबिक, लोगों को व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय देश की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सूखे जैसी गंभीर समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए काम करने की जरूरत है।



  • इस दौरान अन्ना ने अपनी आगामी किताब ‘Anna Hazare: Gram Yogi’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने लोगों से इस किताब को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे उनके काम और विचारों को समझने में मदद मिलेगी।

    Share:

  • जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में लापता 2 SPO के शव बरामद, सर्विस हथियार भी गायब, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप

    Thu Nov 12 , 2026
    श्रीनगर. किश्तवाड़ (Kishtwar) में बुधवार को लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव दच्छन इलाके से बरामद किए गए हैं. अपहरण (Abduction) और हत्या में शामिल आतंकवादियों (Terrorists) का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. SPOs के शव के पास से उनके हथियार बरामद नहीं […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved