
नई दिल्ली । महाराष्ट्र(Maharashtra) की राजनीति (Politics)में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(Nationalist Congress Party) यानी NCP को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के 20 से 22 विधायकों के टूटने की अटकलों के बीच NCP के दो बड़े नेता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Leader Chief Minister Devendra Fadnavis)से मिलने पहुंचे हैं। NCP नेता सुनील तटकरे और धनंजय मुंडे की फडणवीस के साथ हुई मुलाकात ने महाराष्ट्र की सियासत में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
महाराष्ट्र में NCP की अगुवाई फिलहाल सुनेत्रा पवार कर रही हैं और वह राज्य की उप मुख्यमंत्री भी हैं। अजित पवार के निधन के बाद पार्टी की जिम्मेदारी उनके हाथों में आई है। इसी बीच NCP के भीतर संभावित टूट और दोनों गुटों के विलय की चर्चा ने राज्य की राजनीति को गर्म कर दिया है। सुनील तटकरे और धनंजय मुंडे की मुख्यमंत्री से मुलाकात को इसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि नेताओं की ओर से यह भी कहा गया है कि मुलाकात दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए हुई थी।
सुनील तटकरे इससे पहले एक दिन पूर्व उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भी मिले थे। इसके बाद उनका कटेवाड़ी स्थित पवार परिवार के आवास पर जाना भी चर्चा में रहा। यहां उन्होंने सुनेत्रा पवार सांसद पार्थ पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करीब 40 से 45 मिनट तक बातचीत की। लगातार हो रही इन बैठकों के कारण राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन बैठकों में वास्तव में क्या रणनीति बनी इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में दो बड़े मुद्दे सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। पहला मुद्दा NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय का है जबकि दूसरा वित्त मंत्रालय को लेकर है। वर्तमान में वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है। इससे पहले यह विभाग दिवंगत अजित पवार संभालते थे। अब NCP की ओर से वित्त मंत्रालय की मांग किए जाने की चर्चा है लेकिन इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
NCP में संभावित टूट को लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेता संजय राउत ने भी बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP के 20 से 22 विधायक कभी भी अलग हो सकते हैं। राउत के मुताबिक यदि ये विधायक शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP में वापस लौटते हैं तो इसे विलय नहीं कहा जाएगा। उन्होंने यह संभावना भी जताई कि कुछ विधायक चुनाव से पहले किसी अन्य राजनीतिक दल का रुख कर सकते हैं।
वहीं भाजपा की ओर से NCP के विलय को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहले ही अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर शरद पवार और सुनेत्रा पवार विलय का फैसला करते हैं तो उन्हें भाजपा को इसकी जानकारी देनी होगी क्योंकि भाजपा के बिना यह विलय संभव नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अभी तक उनकी ओर से भाजपा को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में NCP शामिल है जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP शरदचंद्र पवार विपक्षी गठबंधन INDIA और महाविकास अघाड़ी का हिस्सा है। ऐसे में NCP के भीतर चल रही बैठकों और संभावित टूट या विलय की चर्चाओं का असर महाराष्ट्र की आगामी राजनीति पर पड़ सकता है। फिलहाल नेताओं की मुलाकातों ने सियासी अटकलों को जरूर हवा दे दी है लेकिन अंतिम तस्वीर सामने आने के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved