
जबलपुर। जरूरतमंदों, असहाय लोगों और गरीब परिवारों की मदद के लिए चेतना संघ ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल की तैयारी की है। संघ के संस्थापक अरविंद दुबे ने हाल ही में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा से मुलाकात कर शहर में जरूरतमंदों तक प्रतिदिन पका हुआ और पौष्टिक भोजन पहुंचाने की योजना पर चर्चा की।
इस दौरान अभियान में सांसद के सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के अनुसार, एल्गिन अस्पताल और विक्टोरिया अस्पताल के आसपास चेतना संघ की ओर से विशेष रामरोटी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंदों को केवल सूखा राशन या खाद्य सामग्री देने के बजाय तैयार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें मिड-डे मील की तर्ज पर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए भोजन तैयार किया जाएगा, ताकि अस्पतालों के आसपास मौजूद असहाय लोगों और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके। इस अभियान के संचालन में परिवहन की सुविधा के लिए अरविंद दुबे ने अपनी 100 प्रतिशत कार उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। कार की पिछली सीटें हटवा दी गई हैं, ताकि उसमें भोजन के बर्तन और राहत सामग्री रखकर आसानी से अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाया जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved