img-fluid

3 धामों के कपाट बंद, 16 नवंबर को बद्रीनाथ के साथ समाप्त होगी चारधाम यात्रा

November 12, 2026

नई दिल्ली: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 (Char Dham Yatra 2026) अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है. गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब बदरीनाथ की कपाटबंदी की प्रक्रिया शुरू हो गई है. भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम में पारंपरिक पंच पूजा के शुभारंभ के साथ ही शीतकालीन कपाट बंद होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. पंच पूजा के पहले दिन गुरुवार को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद देर शाम गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए. भगवान बदरी विशाल के कपाट आगामी 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बंद किए जाएंगे.

साल 2026 की चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से भी ऐतिहासिक रही है. इस साल अकेले बदरीनाथ धाम में 22 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. श्रद्धालुओं की इस संख्या के साथ धाम ने नया रिकॉर्ड बनाया है. ठंड और बर्फबारी के बावजूद बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही. कपाट बंद होने के बाद छह महीने तक धाम में देवताओं की पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जाएगी. इस दौरान श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन नहीं कर सकेंगे. हालांकि भगवान के प्रतिनिधि उद्धव जी और देवताओं के खजांची कुबेर जी के दर्शन शीतकालीन प्रवास पांडुकेश्वर में होंगे. जबकि आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के दर्शन ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में किए जा सकेंगे.

पंच पूजा का कार्यक्रम
वैदिक परंपराओं और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बदरीनाथ धाम में पांच दिनों तक पंच पूजाओं का विधान संपन्न कराया जा रहा है. रावल अंबरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं. पंच पूजा के पहले दिन सुबह भगवान गणेश की मूर्ति को उनके परिसर स्थित मंदिर से लाकर मुख्य गर्भगृह में विराजमान किया गया. इसके बाद पूजा-अर्चना संपन्न होने पर देर शाम गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए.

पंच पूजा के दूसरे दिन शुक्रवार को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे. तीसरे दिन शनिवार 14 नवंबर को वेद-पुराणों, वेद ऋचाओं और खड्ग-पुस्तक के वाचन की प्रक्रिया संपन्न कर दी जाएगी. चौथे दिन रविवार 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को विशेष कढ़ाई भोग अर्पित किया जाएगा. इसके बाद मुख्य पुजारी (रावल) माता लक्ष्मी को भगवान नारायण के साथ गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण देंगे. अंतिम दिन सोमवार 16 नवंबर को माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराया जाएगा और रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर शुभ मुहूर्त में भगवान बदरी विशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे.

बदरीनाथ धाम के वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया ने बताया कि साल 2026 की चारधाम यात्रा अब समापन की ओर है. तीन धामों के कपाट बंद हो चुके हैं और बदरीनाथ धाम में पंच पूजाओं का शुभारंभ हो गया है. पांच दिनों तक चलने वाली इन धार्मिक परंपराओं के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराई जाएगी और 16 नवंबर की रात्रि को भगवान बदरी विशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके अगले दिन मंगलवार 17 नवंबर को भगवान बदरी विशाल के प्रतिनिधि उद्धव जी, देवताओं के खजांची कुबेर जी, गरुड़ जी और आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए पांडुकेश्वर एवं ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के लिए रवाना होगी. इसके साथ ही बदरीनाथ धाम की वर्ष 2026 की यात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा.

Share:

  • पंजाब चुनाव के लिए AAP की दूसरी लिस्ट जारी, 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान, 8 विधायकों का टिकट कटा

    Thu Nov 12 , 2026
    चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 (Punjab Legislative Assembly Election 2027) के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 31 सीटों पर कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया गया है. पार्टी ने नए चेहरों के साथ पुराने कार्यकर्ताओं को भी मौका दिया है. वहीं, 8 मौजूदा […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved