
भोपाल। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सास तथा अभिनेत्री एवं राज्यसभा सांसद जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 95 वर्ष से अधिक आयु की इंदिरा भादुड़ी का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी सेहत में सुधार बताया जा रहा है।
बढ़ती उम्र के चलते बिगड़ी सेहत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी से जुड़ी परेशानी भी है, जो समय-समय पर उभर आती है। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक उनकी स्थिति अब स्थिर है और सेहत में सुधार हो रहा है। अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) दिए जाने को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। डॉक्टर उनकी संपूर्ण रिकवरी और मेडिकल रिपोर्ट्स को देखने के बाद ही आगे का निर्णय लेंगे। उधर, परिवार के सदस्य भी लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
श्यामला हिल्स में रहती हैं इंदिरा भादुड़ी
इंदिरा भादुड़ी भोपाल के पॉश इलाके श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट में निवास करती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी इंदिरा भादुड़ी की तबीयत खराब हुई थी, उस समय सूचना मिलते ही बेटी जया बच्चन और नाती अभिषेक बच्चन विशेष रूप से उनका हालचाल जानने भोपाल पहुंचे थे।
भोपाल से गहरा जुड़ाव
इंदिरा भादुड़ी के दिवंगत पति तरुण कुमार भादुड़ी जाने-माने पत्रकार और लेखक थे। जया बच्चन उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी हैं। इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि के चलते अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और अभिषेक बच्चन का भोपाल से पुराना और आत्मीय जुड़ाव रहा है तथा वे कई मौकों पर परिवार के साथ यहां आते रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved