img-fluid

पंजाब चुनाव के लिए AAP की दूसरी लिस्ट जारी, 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान, 8 विधायकों का टिकट कटा

November 12, 2026

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 (Punjab Legislative Assembly Election 2027) के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 31 सीटों पर कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया गया है. पार्टी ने नए चेहरों के साथ पुराने कार्यकर्ताओं को भी मौका दिया है. वहीं, 8 मौजूदा विधायकों की जगह दूसरे उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. इस लिस्ट में दो मौजूदा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतारा गया है. इनमें संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर का नाम शामिल है. उन्हें बरनाला सीट से टिकट दिया गया है.

AAP ने इस लिस्ट में उन सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे हैं, जहां पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था. पार्टी के मुताबिक, दूसरी लिस्ट में ऐसी 21 सीटें शामिल हैं. इसके अलावा 8 मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को टिकट दिया गया है. AAP ने जालंधर की तीन अहम सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर नॉर्थ से वनीत धीर और जालंधर कैंट से दीपक बाली को टिकट दिया गया है. आदमपुर सीट से पवन कुमार टीनू को उम्मीदवार बनाया गया है. कपूरथला से दविंदर पाल सिंह रंगा और फगवाड़ा से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल चुनाव लड़ेंगे.

पार्टी ने माझा और दोआबा क्षेत्र की कई सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे हैं. सुजानपुर से स्वर्ण एस सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल और दीना नगर से शमशेर सिंह को टिकट मिला है. अमृतसर नॉर्थ से करमजीत सिंह रिंटू और मजीठा से तलवीर सिंह गिल उम्मीदवार होंगे. इस लिस्ट में दो नए चेहरों की भी चर्चा है. कुश्ती जगत में जस्सा पट्टी के नाम से मशहूर पहलवान जसकंवर सिंह पट्टी को पट्टी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है. वह 28 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे. वह अपनी टीम के साथ पार्टी में आए थे.

वहीं, पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल सोनिया मान को राजा सांसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. सोनिया मान 23 फरवरी 2025 को आम आदमी पार्टी में शामिल हुई थीं. उन्होंने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में AAP की सदस्यता ली थी. सोनिया मान पंजाबी फिल्मों के अलावा हिंदी और दूसरी भाषाओं की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं. वह किसान नेता बलदेव सिंह की बेटी हैं.

8 विधायकों को कटा टिकट
दूसरी लिस्ट में AAP ने कुछ सीटों पर मौजूदा नेताओं की जगह नए चेहरों को मौका दिया है. पार्टी ने लंबी सीट से मौजूदा कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को टिकट दिया है. वहीं, खरड़ सीट से परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है. इस सीट से मौजूदा विधायक अनमोल गगन मान हैं. परमिंदर सिंह गोल्डी ने पंजाबी सिंह की जगह भी ली है. पार्टी ने मजीठा सीट से तलवीर सिंह गिल को मैदान में उतारा है. मजीठा अकाली दल का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है. फिलहाल इस सीट से बिक्रम सिंह मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया विधायक हैं.

इन सीटों पर भी उतारे उम्मीदवार
AAP ने बाकी सीटों पर भी कई पुराने और नए चेहरों को मौका दिया है. फतेहगढ़ चूड़ियां से हरजोबनजीत सिंह रंधावा, कादियां से गुरिकबल सिंह महल और भोलथ से एडवोकेट हरसिमरन सिंह चुनाव लड़ेंगे. शाहकोट से बलवीर सिंह पाला जलालपुर, मुकेरियां से सरबजोत सिंह साबी और नवांशहर से रॉबी कांग को टिकट मिला है. चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. KNS कंग और जगरांव से सरवजीत कौर मानुके को उम्मीदवार बनाया गया है.

अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, बल्लुआना से अमनदीप सिंह ‘गोल्डी’ मुसाफिर, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां और बठिंडा ग्रामीण से गोपाल सिंह चुनाव मैदान में होंगे. शुतराना सीट से वनींदर कौर लूंबा को टिकट दिया गया है. दूसरी लिस्ट जारी करने से पहले आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक हुई थी. इस बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके बाद पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की. पहली लिस्ट के बाद अब दूसरी लिस्ट के साथ AAP ने चुनाव की तैयारी को आगे बढ़ाया है.

Share:

  • अमिताभ बच्चन की सास और जया की मां की तबीयत बिगड़ी, निजी अस्पताल में भर्ती, फिलहाल हालत में सुधार

    Thu Nov 12 , 2026
    भोपाल। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सास तथा अभिनेत्री एवं राज्यसभा सांसद जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 95 वर्ष से अधिक आयु की इंदिरा भादुड़ी का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। राहत की […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved