गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) को गुरुवार रात गाजियाबाद की डासना जेल से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम लखनऊ लेकर रवाना हुई। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अदालत ने ईडी को आजम खान की चार दिन की कस्टडी रिमांड दी है। उनसे 16 नवंबर तक पूछताछ की जाएगी। इस दौरान आजम खान ने तंज भरे अंदाज में कहा कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने और शिक्षा का मंदिर बनाने का गुनाह किया है।
ईडी की हिरासत में मीडिया से बातचीत करते हुए आजम खान ने कहा, “बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया है। यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए। शिक्षा का मंदिर एक मुसलमान ने बना दिया, यही गलती हो गई।”
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईडी उनसे मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, वित्तीय लेन-देन और सरकारी संसाधनों के कथित इस्तेमाल को लेकर पूछताछ करने जा रही है। एजेंसी इस दौरान उनके सामने मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य रख सकती है।
अखिलेश यादव ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंता
इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि प्रशासन आजम खान को डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने तथा किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की।
क्या है जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला?
आजम खान ने रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी। वह इससे जुड़े जौहर ट्रस्ट के संस्थापक भी हैं। ईडी इस विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन और संसाधनों के कथित इस्तेमाल की जांच कर रही है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी कार्यों के लिए आवंटित धन और सामग्री का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी के निर्माण में किया गया। ईडी के मुताबिक, सरकारी ठेके लेने वाले कुछ ठेकेदारों ने जौहर ट्रस्ट को चंदे के रूप में रकम दी थी। एजेंसी इन पैसों के स्रोत और उनके इस्तेमाल की पड़ताल कर रही है।
ईडी ने 28 अक्टूबर को यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। एजेंसी ने इन संपत्तियों का मूल्य 426.46 करोड़ रुपये बताया था, जबकि इनका मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपये आंका गया है। ईडी का दावा है कि संपत्तियों पर हुए खर्च के कुछ हिस्से का वैध स्रोत नहीं मिला है।
इस मामले की जांच रामपुर में दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन जबरन ली गई और उन पर दबाव बनाकर जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इन्हीं मामलों के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की।
आजम खान 31 अक्टूबर को करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे। उन्हें अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिली थी। हालांकि, जेल से रिहा होते ही ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था।
अब चार दिन की कस्टडी रिमांड मिलने के बाद ईडी उनसे जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, जौहर ट्रस्ट के बैंक खातों और सरकारी धन व संसाधनों के कथित इस्तेमाल को लेकर पूछताछ करेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved