
बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय कर्नाटक दौरे पर है. शुक्रवार को वह बेंगलुरु के S-VYASA यूनिवर्सिटी में प्रशांति कुटीरम के गोल्डन जुबली सेलिब्रेशन और एचवी शेषाद्रि की जन्म शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में प्रशांति कुटीरम की योग अनुसंधान और सेवा की यात्रा की सराहना की. साथ ही भारत की वैश्विक सांस्कृतिक पहचान पर जोर दिया.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जैसे संतों से मिली प्रेरणा से प्रशांति कुटीरम जैसे संस्थान बने. उन्होंने भारत के युवाओं को योग का मार्ग दिखाया. जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था तब एक ओर लाखों स्वतंत्रता सेनानी, आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे… तो दूसरी ओर, स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्र ऋषि भी थे जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत किया.
प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम की योग अनुसंधान और सेवा की यात्रा की सराहना करते हुए कहा, ‘कर्नाटक की महान विरासत के बीच, ‘प्रशांति कुटीरम’ का 50 साल का सफर सेवा और समर्पण की एक असाधारण गाथा है, एक ऐसी कहानी जिसे हर भारतीय को जानना चाहिए. एक मामूली योग सेंटर का इतने बड़े आंदोलन में बदलना, अपने आप में एक प्रेरणा है.’
पीएम मोदी ने इस दौरान एचवी शेषाद्रि की जन्म शताब्दी समारोह पर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि प्रशांति कुटीरम की Golden Jubilee के साथ ही… इस वर्ष हम श्रद्धेय एच. वी. शेषाद्रि जी की जन्मशताब्दी भी मना रहे हैं. मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं. शेषाद्रि जी ने अपना पूरा जीवन व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के मिशन को आगे बढ़ाने में लगाया.
पीएम मोदी ने कर्नाटक की धरती को योग का केंद्र करार दिया और भारत की वैश्विक सांस्कृतिक पहचान पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा किपिछले 12 वर्षों में भारत, अपनी संस्कृति, अपनी पहचान और अपने ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रख रहा है. इसी का परिणाम है भारत की पहल पर अब पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved