
इंदौर। इंदौर में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला लसुड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक ने 20 वर्षीय युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने युवती से पैसे भी उधार लिए, लेकिन जब युवती ने शादी और पैसे वापस करने की बात कही तो आरोपी मुकर गया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल इंदौर में एक 20 वर्षीय युवती की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए उज्जैन निवासी विशाल नाम के युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि विशाल ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसे एक होटल में बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने युवती से कुछ पैसे भी उधार लिए थे। बाद में जब युवती ने शादी करने और अपने पैसे वापस मांगने की बात कही, तो आरोपी ने दोनों से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने लसुड़िया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved