
अमृतसर। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को एक दिन की पैरोल मिल गई है। अमृतसर की अदालत ने उन्हें अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यह राहत दी है। करीब 3 साल से ज्यादा समय बाद अमृतपाल सिंह पंजाब लौटेंगे। उनकी दादी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिवार ने उनके अंतिम संस्कार में अमृतपाल की मौजूदगी की उम्मीद में इसे टाल दिया था।
अमृतपाल सिंह की 84 वर्षीय दादी चरण कौर का रविवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार टाल दिया और सरकार से अमृतपाल को इसमें शामिल होने की अनुमति देने की अपील की थी। परिवार ने अमृतपाल सिंह की अस्थायी रिहाई के लिए अमृतसर की अदालत का भी रुख किया था। उनकी दादी का पार्थिव शरीर अमृतसर स्थित उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रखा गया है।
अमृतपाल सिंह को पैरोल देने की मांग ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ के नेता और दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने भी उठाई थी। उन्होंने मंगलवार को सरकार से अपील की थी कि अमृतपाल को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाए। अयाली ने कहा था, ‘भाई अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का निधन हो गया है। परिवार ने इस उम्मीद में अंतिम संस्कार टाल दिया है कि उन्हें अपनी दादी के आखिरी दर्शन करने की अनुमति मिल सकती है।’ परिवार की अपील के बाद अब अमृतसर की अदालत से उन्हें एक दिन की पैरोल मिल गई है।
अमृतपाल सिंह ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के संस्थापक और खडूर साहिब से सांसद हैं। वह साल 2023 में अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। फिलहाल वह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अब एक दिन की पैरोल मिलने के बाद वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब आएंगे। गौरतलब है कि गिरफ्तारी के बाद तीन साल से ज्यादा समय में यह पहली बार उनका पंजाब लौटना होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved