
इंदौर। इंदौर शहर में देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस कमिश्नरेट लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। सराफा थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहाँ आईसीआईसीआई बैंक की राजवाड़ा शाखा में संचालित एक संदिग्ध बैंक खाते के जरिए मल्टी-स्टेट साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में एक महिला आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
देश भर में म्यूल बैंक खातों के जरिए हो रही साइबर धोखाधड़ी पर लगाम कसने के लिए इंदौर पुलिस आक्रामक रुख अपना रही है। ताजा मामला सराफा थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक की राजवाड़ा ब्रांच में स्थित एक संदिग्ध बैंक खाते की तकनीकी जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। इस बैंक खाते की वित्तीय ट्रेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने पर यह बात सामने आई कि इसका उपयोग देश के अलग-अलग राज्यों में हुए मल्टी-स्टेट साइबर फ्रॉड के लिए किया गया था।
विभिन्न राज्यों में दर्ज ऑनलाइन ठगी की शिकायतों के तार इसी खाते से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस की प्राथमिक विवेचना में यह प्रथम दृष्टया स्पष्ट हुआ है कि खाताधारक दिव्या पिता संजू नागोरे, निवासी गाडरा खेड़ी, इंदौर और उसके अन्य साथियों ने एक सुनियोजित और संगठित साजिश के तहत इस बैंक खाते का अवैध इस्तेमाल किया। आरोपियों द्वारा देश के अन्य हिस्सों से ठगी गई रकम को इस खाते में ट्रांसफर करवाया जाता था और अवैध रूप से आर्थिक लाभ प्राप्त किया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सराफा थाना पुलिस ने आरोपी दिव्या नागोरे के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved