
छतरपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब अगली पीढ़ी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 14 नवंबर को राजधानी भोपाल में प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और समर्थकों को जुटाकर अपनी सियासी सक्रियता का संदेश देंगे। खास बात यह है कि इस पूरे आयोजन की कमान पहली बार कमलनाथ की गैरमौजूदगी में नकुलनाथ संभालेंगे।
हालांकि, कार्यक्रम से पहले लगे पोस्टरों ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को भी उजागर कर दिया है। पोस्टरों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई बड़े नेताओं की तस्वीरें नदारद हैं। पीसीसी कार्यालय के आसपास लगाए गए पोस्टरों पर लिखा है- मध्य प्रदेश की मजबूरी है,नकुलनाथ जरूरी है। इस नारे के जरिए नकुलनाथ को प्रदेश की राजनीति में एक बड़े चेहरे के तौर पर पेश करने की कोशिश दिखाई दे रही है। हजारों समर्थकों को जुटाने की तैयारी के बीच यह आयोजन केवल दीपावली मिलन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे नकुलनाथ के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।

कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह
14 नवंबर को बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह होगा। प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों, नेताओं और समर्थकों को व्यक्तिगत तौर पर आमंत्रित किया गया है। इसी आयोजन में 18 नवंबर को आने वाले कमलनाथ के जन्मदिन का उत्सव भी मनाया जाएगा। इस आयोजन का राजनीतिक महत्व इसलिए बढ़ गया है, क्योंकि कमलनाथ इसमें शामिल नहीं होंगे। उन्होंने पहले से तय व्यस्तताओं का हवाला देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाने की जानकारी दी है। ऐसे में नकुलनाथ के सामने प्रदेशभर के नेताओं और समर्थकों को एक मंच पर लाने की जिम्मेदारी होगी।
पोस्टरों में पटवारी-सिंघार नहीं, गुटबाजी की चर्चा तेज
कार्यक्रम से पहले लगाए गए पोस्टर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर नए सवाल खड़े कर रहे हैं। पोस्टरों में नकुलनाथ को प्रमुखता दी गई है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं मिली है। इससे पार्टी के भीतर अलग-अलग राजनीतिक धड़ों और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक तरफ पार्टी संगठन की कमान जीतू पटवारी के पास है, वहीं दूसरी तरफ नकुलनाथ के आयोजन में उनके नाम और तस्वीर की गैरमौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। सवाल यह भी है कि क्या नकुलनाथ प्रदेश कांग्रेस में अपनी अलग राजनीतिक पहचान और समर्थकों का आधार तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं?
भाजपा छोड़कर आए जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने थामा कांग्रेस का हाथ
इस आयोजन से पहले छिंदवाड़ा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने भाजपा छोड़कर नकुलनाथ के सामने कांग्रेस में वापसी की है। इसे भी नकुलनाथ के अपने गृह क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस में बड़े नेताओं की अगली पीढ़ी की सक्रियता भी लगातार दिखाई दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में उनके बेटे और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह साथ नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ भी प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। कमलनाथ ने संदेश जारी कर आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश के कांग्रेस परिवार से मुलाकात करेंगे और जनता की सेवा के संकल्प पर कायम रहेंगे।
अब नजरें 14 नवंबर के जुटान पर
नकुलनाथ के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वे छिंदवाड़ा से बाहर निकलकर प्रदेशभर में अपनी स्वीकार्यता कितनी बढ़ा पाते हैं। हजारों समर्थकों का जुटान, बड़े नेताओं की मौजूदगी और पोस्टरों में दिखाई दे रहे राजनीतिक समीकरण इस आयोजन के अहम पहलू होंगे। फिलहाल कांग्रेस में एक तरफ अगली पीढ़ी की राजनीतिक दावेदारी दिखाई दे रही है तो दूसरी तरफ पोस्टरों ने संगठन के भीतर एकजुटता के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved