
डिंडौरी। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के डिंडौरी जिले (Dindori district) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय राजेंद्र की मुंह में विस्फोट (blast) होने से मौत हो गई। आरोप है कि उसके दोस्त रामभगत बरौतिया ने उसे सुअरमार बम को रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया था। मिठाई समझकर राजेंद्र ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में उसका जबड़ा और मुंह का अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम पड़रिया छांटा गांव की है। उस वक्त राजेंद्र अपने परिवार के साथ घर पर था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिसे वह मिठाई समझकर खाने जा रहा है, वह दरअसल विस्फोटक है।
आग के पास बैठे राजेंद्र के पास पहुंचा दोस्त
डिंडौरी कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजे राजेंद्र ने परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह आंगन में आग तापने के लिए बैठ गया। इसी दौरान गांव में रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया।
दोनों के बीच सामान्य बातचीत हो रही थी। इसी दौरान आरोप है कि रामभगत ने राजेंद्र को सुअरमार बम दिया और उसे रसगुल्ला बताया। मिठाई समझकर राजेंद्र ने उसे मुंह में डाल लिया। जैसे ही उसने चबाया, उसमें विस्फोट हो गया। धमाके से उसका चेहरा और जबड़ा बुरी तरह जख्मी हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
धमाके के बाद परिजन राजेंद्र को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने रामभगत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
बम कहां से आया, इसकी जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव के लोग सकते में हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रामभगत के पास सुअरमार बम कहां से आया और उसने राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर इसे क्यों दिया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्या होता है सुअरमार बम?
सुअरमार बम एक देसी विस्फोटक उपकरण होता है, जिसका इस्तेमाल जंगली सूअरों को मारने के लिए किया जाता है। इसे बारूद और पोटाश जैसे पदार्थों से तैयार किया जाता है। ऐसे विस्फोटक में दबाव या छेड़छाड़ से धमाका हो सकता है। इनका इस्तेमाल अवैध शिकार में भी किया जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved