तेहरान। ईरान (Iran) के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई (Ayatollah Ali Khamenei) की आवाज की नकल कर सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक वीडियो पोस्ट (Satirical video post) करने के मामले में एक कॉमेडियन को पांच साल कैद की सजा सुनाई गई है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, अदालत ने वीडियो को आपत्तिजनक और देश के कानूनों का उल्लंघन मानते हुए यह सजा सुनाई है।
मानवाधिकार वेबसाइट ‘हराना’ ने शुक्रवार को कॉमेडियन और ब्लॉगर सईद शकीबा को सजा सुनाए जाने की पुष्टि की। रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई की आवाज की नकल करते हुए वीडियो बनाने के आरोप में शकीबा को अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में बंद है। बताया गया है कि दो सप्ताह तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने उसे पांच साल कैद की सजा सुनाई।
ईरानी मीडिया के अनुसार, मुकदमे के दौरान अदालत ने शकीबा की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई सामग्री को आपत्तिजनक माना। न्यायपालिका की आधिकारिक वेबसाइट पर भी सामग्री को ईरानी कानूनों के खिलाफ बताया गया है। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने कॉमेडियन को पांच साल की कैद की सजा सुनाई।
गौरतलब है कि अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत इसी वर्ष फरवरी में इजरायल और अमेरिका के हमले में होने का दावा किया गया है। बताया गया कि हमले में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे। इसके बाद ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच संघर्ष तेज हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई।
खामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता होने के साथ शिया समुदाय के प्रमुख धार्मिक-राजनीतिक व्यक्तित्वों में शामिल थे। उनकी मौत पर भारत सहित दुनिया के कई देशों में शिया समुदाय के लोगों ने शोक व्यक्त किया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved