img-fluid

जम्मू-कश्मीर: डंपर में बिना ताबूत रखकर लाए शहीद SPO के पार्थिव शरीर, BJP विधायक हुईं भावुक, अधिकारियों पर भड़की

November 15, 2026

जम्मू। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के किश्तवाड़ जिले (Kishtwar District) में आतंकियों (Terrorists) ने दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या कर दी। शहीद जवानों (Martyred soldiers) के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने के तरीके को लेकर अब विवाद सामने आया है। किश्तवाड़ से बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया कि दोनों जवानों के शव बिना ताबूत के डंपर में रखकर गांव लाए गए। उन्होंने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की सेवा में जान गंवाने वाले जवानों को सम्मान के साथ अंतिम विदाई मिलनी चाहिए।

मृतक जवानों की पहचान रशपाल सिंह और बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ जिले के दूरदराज क्षेत्र दच्छन के कियार गांव के निवासी थे। शुक्रवार को गांव में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बीजेपी विधायक शगुन परिहार के साथ जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पद्दर के विधायक सुनील शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर भड़कीं शगुन परिहार
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें शगुन परिहार भावुक होकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने नाराजगी जताती दिखाई दे रही हैं। उनका आरोप है कि देश की सुरक्षा के लिए जान गंवाने वाले जवानों के पार्थिव शरीर को बिना ताबूत डंपर में रखकर गांव पहुंचाना बेहद अपमानजनक है।

विधायक ने सवाल उठाया कि ड्यूटी के दौरान शहादत देने वाले जवानों को सम्मानजनक विदाई देने के लिए उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिकारियों के रवैये पर भी नाराजगी जताई।


  • बुधवार से लापता थे दोनों SPO, जंगल में मिले शव
    जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मारवाह के देहरना जंगल क्षेत्र में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद दोनों SPO लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों की टीम को दच्छन के जंगल में दोनों के शव मिले। यह स्थान उस जगह से करीब दो किलोमीटर दूर था, जहां से वे लापता हुए थे।

    दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले और उनकी सर्विस राइफलें भी गायब थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे और बसनान में सेना की एक टीम को राहत देने के लिए जा रहे थे।

    घटना के बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारी इस मामले में आतंकी कनेक्शन की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved