
नई दिल्ली। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने देशभर में संगठन का विस्तार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। पार्टी ने शनिवार को संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और विस्तार की घोषणा करते हुए जोनल प्रभारियों (Zonal In-charges) की नियुक्ति की। इसके साथ ही 10 राज्यों और क्षेत्रों में राज्य एवं क्षेत्रीय समन्वय समितियों (Committees) का गठन किया गया है।
पार्टी का कहना है कि इस पहल का मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों में जमीनी मौजूदगी मजबूत करना, क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय बढ़ाना और स्थानीय नेतृत्व का नेटवर्क तैयार करना है। नई समितियां आम लोगों की समस्याओं को उठाने के साथ संगठन की गतिविधियों को गति देने का काम करेंगी।
क्षितिज पगार को पश्चिम, डॉ. विवेक सांगवान को उत्तर जोन की जिम्मेदारी
संगठनात्मक विस्तार के तहत क्षितिज पगार को पश्चिम जोन और डॉ. विवेक सांगवान को उत्तर जोन का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तर जोन समन्वय समिति में शामिल किया गया है।
पार्टी ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, पूर्वोत्तर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के लिए समितियां गठित की हैं। इनमें उत्तर प्रदेश समिति में 16, महाराष्ट्र में 15, झारखंड और पूर्वोत्तर में 14-14, बिहार में 13 तथा पश्चिम बंगाल में 12 सदस्य रखे गए हैं। इसके अलावा हरियाणा और उत्तराखंड में छह-छह, राजस्थान में पांच और जम्मू-कश्मीर में चार सदस्य शामिल किए गए हैं।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों का संचालन और समन्वय करेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों से जुड़कर संगठन की पहुंच बढ़ाने का प्रयास करेंगी।
बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहे जाने के बाद बनी पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत इस साल मई में एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन पहल के रूप में हुई थी। यह पहल उस समय सामने आई, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश की ओर से बेरोजगार युवाओं के लिए ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने के बाद इस पर प्रतिक्रिया शुरू हुई। अभिजीत दीपके ने इसकी शुरुआत की थी। बाद में यह मंच युवाओं के नेतृत्व वाले ऐसे आंदोलन के रूप में उभरा, जिसने बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ 36 दिन चला आंदोलन
इस संगठन ने NEET-UG पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक प्रदर्शन किया था। आंदोलन के दौरान संगठन ने जवाबदेही तय करने और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी। इसके बाद 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद संगठन ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित कई अन्य मुद्दों पर भी आवाज उठाई। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। एक नवंबर को दिल्ली में SIR के विरोध में INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित रैली को भी संगठन ने समर्थन दिया था।
SIR से प्रभावित लोगों के लिए जारी किया फॉर्म
कॉकरोच जनता पार्टी ने SIR प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट भी साझा की है। इसमें उन लोगों के लिए फॉर्म जारी किया गया है, जिनके नाम पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। पार्टी का कहना है कि वह उन लोगों की आवाज उठाना चाहती है, जिनकी समस्याएं अक्सर सुर्खियों में जगह नहीं बना पातीं।
पोस्ट में लोगों से अपील की गई है कि यदि वे SIR प्रक्रिया से प्रभावित हुए हैं तो जारी फॉर्म भरें, ताकि उनकी शिकायतों को सामने लाया जा सके और उनकी आवाज संबंधित मंचों तक पहुंचाई जा सके।
इससे पहले पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कोच्चि में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक उनका इस्तीफा नहीं हो जाता और देश में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved