img-fluid

कर्ज के बोझ तले दबे पाकिस्तान को छठवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का सपना देख रहे शहबाज शरीफ

November 15, 2026

इस्लामाबाद। आर्थिक संकट (Economic crisis) और विदेशी कर्ज के बोझ से जूझ रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने देश को दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने गोल्डमैन सैक्स की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान वर्ष 2075 तक दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। हालांकि, उन्होंने इस अनुमान में बदलाव करते हुए उम्मीद जताई कि पाकिस्तान 2050 से पहले ही यह मुकाम हासिल कर लेगा।

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान तेजी से आर्थिक तरक्की की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गोल्डमैन सैक्स के अनुमान के अनुसार पाकिस्तान 2075 तक दुनिया की छठवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि देश इस लक्ष्य को 2050 से पहले ही हासिल कर लेगा।

शहबाज का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से करीब 1.2 अरब डॉलर की नई वित्तीय सहायता मिलने का इंतजार कर रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में सुधार हुआ है। सरकार को अमेरिका के ट्रंप प्रशासन और सऊदी अरब के साथ हुए समझौतों से भी आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। इसके बावजूद पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था कर्ज और बाहरी वित्तीय सहायता पर निर्भर बनी हुई है।



  • निवेशकों से कारखाने और रिफाइनरी लगाने की अपील

    पाकिस्तानी रेडियो की रिपोर्ट के अनुसार, शहबाज शरीफ सरकार अब देश के उद्योगपतियों और बड़े निवेशकों को घरेलू उद्योगों में निवेश के लिए प्रोत्साहित कर रही है। प्रधानमंत्री ने निवेशकों से पाकिस्तान में कारखाने और रिफाइनरी स्थापित करने की अपील की है।

    उन्होंने कहा कि देश में ऐसे उद्योग विकसित किए जाने चाहिए, जो खनिज अयस्क को इलेक्ट्रिकल कंडक्टर जैसे तैयार उत्पादों में बदल सकें। उनका जोर है कि पाकिस्तान में ही खनन किया जाए, कच्चे माल का प्रसंस्करण और रिफाइनिंग हो तथा तैयार उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात किया जाए। सरकार का मानना है कि इससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

    बलूचिस्तान के खनिज भंडार पर सरकार की नजर

    पाकिस्तान सरकार की नजर अब बलूचिस्तान के विशाल खनिज भंडारों पर है। इस क्षेत्र में तांबे और सोने के बड़े भंडार मौजूद हैं, जिनका अभी तक पूरी तरह दोहन नहीं हो सका है। शहबाज शरीफ ने इन खनिज संसाधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

    उन्होंने रेको डिक परियोजना का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि वर्ष 2028 तक यहां उत्पादन शुरू हो जाएगा। इस परियोजना को पाकिस्तान के खनन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि खनिज संसाधनों के दोहन और स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण से निर्यात बढ़ेगा तथा विदेशी मुद्रा अर्जित करने में मदद मिलेगी।

    हालांकि, पाकिस्तान के सामने आर्थिक स्थिरता, कर्ज का बोझ, निवेश की कमी और औद्योगिक विकास जैसी बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। ऐसे में दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का शहबाज शरीफ का लक्ष्य कितना सफल होगा, यह आने वाले वर्षों में देश की आर्थिक नीतियों और निवेश पर निर्भर करेगा।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved