
नई दिल्ली: ब्रिटेन में भारतीय मूल के 27 साल के छात्र बिलाल काजी को 70 नाबालिग लड़कियों को ऑनलाइन फंसाने और ब्लैकमेल करने के मामले में 30 साल जेल की सजा सुनाई गई है. वह सोशल मीडिया पर खुद को 14 साल का ब्रिटिश लड़का बताकर लड़कियों से दोस्ती करता था. फिर प्यार का भरोसा दिलाकर उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगता था. अगर कोई लड़की मना करती तो वह उसकी तस्वीरें परिवार और दोस्तों को भेजने की धमकी देता था. बिलाल यूनिवर्सिटी ऑफ चेस्टर में पढ़ाई कर रहा था. उसने 13 नवंबर को चेस्टर क्राउन कोर्ट में अपने खिलाफ लगे 37 आरोपों को स्वीकार कर लिया. इनमें बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और बच्चों को यौन गतिविधियों के लिए मजबूर करने जैसे अपराध शामिल थे.
‘रीस’ नाम से बनाता था फर्जी अकाउंट
ब्रिटिश अधिकारियों के मुताबिक, बिलाल अगस्त 2021 से अगस्त 2025 तक लड़कियों को निशाना बना रहा था. वह Snapchat, Roblox और Wink जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर ‘रीस’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाता था. वह खुद को 14 साल का गोरा ब्रिटिश लड़का बताता था. इसके लिए वह एक अनजान किशोर की तस्वीरों का इस्तेमाल करता था. लड़कियों से दोस्ती होने के बाद वह उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगता था. जब लड़कियां मना करतीं तो वह कहता कि प्यार करने वाले लोग एक-दूसरे के साथ ऐसी तस्वीरें साझा करते हैं. इसके बाद वह उन तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर लड़कियों को अपनी बात मानने के लिए मजबूर करता था. कुछ मामलों में उसने लड़कियों के सोशल मीडिया अकाउंट हैक किए और उनकी तस्वीरें दोस्तों को भेज दीं. उसने Snapchat के जरिए कुछ वीडियो चुपके से रिकॉर्ड भी किए थे.
13 साल की लड़की की शिकायत से खुला मामला
इस मामले की जांच नवंबर 2021 में 13 साल की एक लड़की की शिकायत के बाद शुरू हुई. उसने पुलिस को बताया कि Snapchat पर उसकी एक लड़के से दोस्ती हुई थी. वह उसे अपनी उम्र का समझती थी. बातचीत के दौरान बिलाल ने उससे निजी तस्वीरें मांगीं. लड़की के मना करने पर उसने गाली दी और कहा कि वह उसकी संपत्ति है. उसने पहले भेजी गई तस्वीरें दोस्तों को भेजने की धमकी दी. डर के कारण लड़की उसकी मांगें मानती रही. बाद में बिलाल ने उसका Snapchat अकाउंट हैक कर तस्वीरें उसके दोस्तों को भेज दीं. जांच के दौरान पुलिस को बिलाल के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले यूजरनेम और दूसरे डेटा के आधार पर 180 संभावित पीड़ितों का पता चला. इनमें से 70 लड़कियों की पहचान हुई. उनकी उम्र 11 से 17 साल के बीच थी. ये लड़कियां ब्रिटेन के 45 में से 28 पुलिस क्षेत्रों में रहती थीं.
हीथ्रो एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने बिलाल को 21 जुलाई 2023 को हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था. वह इससे पहले ब्रिटेन छोड़ चुका था और वापस लौटने पर पकड़ा गया. 13 नवंबर को सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने कहा कि बिलाल ने सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर बच्चों को निशाना बनाया. उसने उनके घरों में भी उनकी सुरक्षा का एहसास खत्म कर दिया. जज ने उसे बेहद खतरनाक व्यक्ति बताया. बिलाल को 30 साल जेल की सजा मिली है. वह कम से कम 20 साल जेल में बिताने के बाद ही पैरोल के लिए आवेदन कर सकेगा. उसे जीवनभर यौन अपराधियों के रजिस्टर में रहना होगा. जेल से रिहा होने के बाद भी उस पर 8 साल तक निगरानी और कानूनी पाबंदियां रहेंगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved