
नई दिल्ली. बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा (Odisha) पर महज तीन हफ्तों (3 weeks) के भीतर तीसरे चक्रवाती तूफान (Third cyclonic storm) का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह सिस्टम सोमवार तक चक्रवाती तूफान और बुधवार तक एक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। हालांकि, यह तूफान किस तट से टकराएगा और इसकी दिशा क्या होगी यह अभी यह स्पष्ट नहीं है।
ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि राज्य सरकार संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। आपको बता दें कि इससे पहले पिछले तीन हफ्तों में ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ नाम के दो भीषण चक्रवात ओडिशा को प्रभावित कर चुके हैं। दोनों ही पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से टकराए थे।
पुजारी ने कहा कि भले ही यह तूफान ओडिशा तट से न टकराए लेकिन इसके असर से राज्य में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसे देखते हुए दक्षिण, उत्तर और तटीय जिलों के सभी कलेक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। विशेष राहत आयुक्त राजेश पी पाटिल ने भी ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट वाले जिलों के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
किन राज्यों में कैसा रहेगा असर?
17 नवंबर की सुबह से दक्षिणी ओडिशा तट पर 45 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगेंगी। बुधवार को कई इलाकों में भारी बारिश और गुरुवार-शुक्रवार को कुछ जिलों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। आंध्र प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भी गुरुवार को भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
कोस्ट गार्ड हाई अलर्ट पर
संभावित चक्रवात को देखते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने तमिलनाडु समेत पूरे पूर्वी तट पर अपने जहाजों, विमानों और आपदा राहत टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है। रडार स्टेशनों के जरिए तूफान की लगातार निगरानी की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved