
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ (Pithoragarh) में जौलजीबी मेले (Jauljibi Fair) के दौरान मंच पर तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस विधायक हरीश धामी (Harish Dhami) ने माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उन्होंने मेले के मंच पर हुई अभद्रता और हंगामे को लेकर भाजपा (BJP) को जिम्मेदार ठहराया है। हरीश धामी ने कहा कि जौलजीबी मेले में मुनस्यारी-धारचूला क्षेत्र की मातृशक्ति के सामने मंच से अपनी बात रख रहे थे। भाजपा के नेताओं ने उनके माइक को बंद करने का काम किया, जिसके बाद उत्तेजना और तैश में उनके मुंह से कुछ अभद्र शब्द निकल गए थे, जिसके लिए वह माफी मांगते हैं। कुछ लोग यह प्रचारित कर रहे हैं मैने माफी मांग ली है जो सरासर गलत है।
विधायक धामी ने कहा कि खुद को गोली मारना पसंद करूंगा, लेकिन भाजपा से माफी नहीं मांगूगा। एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के तौर पर कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, लेकिन वहां अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं दिया गया। यदि कार्यक्रम में सम्मान नहीं देना था तो आमंत्रित ही नहीं करना चाहिए था। यदि मेरा व्यक्तिगत अपमान होता तो उसे सहन भी कर लेता, लेकिन जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। क्षेत्र की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल (Ganesh Godiyal) ने जौलजीबी मेले में धारचूला के स्थानीय विधायक हरीश धामी के साथ हुए व्यवहार पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। गोदियाल ने राज्य की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के हनन और प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाया है। गोदियाल ने कहा कि विधायक हरीश धामी की नाराजगी पूरी तरह जायज है। कहा कि जनप्रतिनिधि को मंच से बोलने का अवसर न देना और माइक बंद करवाना निंदनीय है।
हरीश धामी पर मुकदमा
पुलिस के मुताबिक उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने मेले को संबोधित किया। कार्यक्रम की समाप्ति पर मेला समिति अध्यक्ष और धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने समर्थकों राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और अन्य के साथ नारेबाजी की। इतना ही नहीं विधायक और उनके समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस का कहना है कि इस दौरान वहां तोड़फोड़ की गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी ओर से पुलिस कर्मियों और अन्य व्यक्तियों से धक्का-मुक्की की गई। जौलजीबी थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत केस दर्ज किया है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हताशा में मानसिक संतुलन खो रहे कांग्रेस नेता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनावों में बार बार मिल रही हार की वजह से निराश हैं और हताशा की वजह से वह मानसिक संतुलन खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक अमर्यादित आचरण की परिपारी बन गई है।
रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठन की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस में अमर्यादित आचरण की परिपाटी बन गई है। ऊपर से नीचे तक लगातार उनके नेता इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावों में मिल रही हार की वजह से कांग्रेस में भारी हताशा और निराशा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आम लोगों की समस्याओं और बेहतरी से कोई सरोकार नहीं है और 2027 के विधानसभा चुनावों में भी प्रदेश की जनता उन्हें सबक सिखाने वाली है। वह चुनावों के बाद भी वहीं रहेंगे जहां अभी हैं।
सरलीकरण, समाधान, संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही सरकार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) ने रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड और अपने निजी आवास नगला तराई में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री से महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के दो मेधावी विद्यार्थी कार्तिकेय सिंह तोमर (प्रथम स्थान) और युग सिंह तोमर (थर्ड रनर अप) ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved