नई दिल्ली। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Punjab Legislative Assembly Elections) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठित घोषणापत्र समिति में शामिल किया गया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पांच अन्य राज्यसभा सांसदों को भी पार्टी की विभिन्न समितियों में जगह दी गई है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत राज्यस्तरीय घोषणापत्र समिति और आरोपपत्र समिति का गठन किया। पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखरी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एचएस फुल्का को सदस्य बनाया गया है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से अन्य समितियों का भी गठन किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए इन समितियों का गठन किया गया है।
कांग्रेस ने भी गठित की चार सदस्यीय समिति
उधर, पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भी अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने अन्य दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने की प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है।
समिति में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य विजय इंदर सिंगला, विधायक एवं विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की उपनेता अरुणा चौधरी, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लड्डी को शामिल किया गया है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, समिति किसी भी नए नेता को पार्टी में शामिल करने से पहले संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं और जिला कांग्रेस अध्यक्षों से विचार-विमर्श सुनिश्चित करेगी। स्थानीय नेतृत्व के साथ समन्वय और उनकी राय को प्राथमिकता देने के बाद ही नए नेताओं को पार्टी में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
गौरतलब है कि पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 2027 की शुरुआत में चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए भाजपा और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved