img-fluid

किश्तवाड़ केस में नया मोड़: कांग्रेस नेता का सनसनीखेज आरोप, ‘सेना ने ही की थी दोनों SPO पर फायरिंग’

November 16, 2026

किश्तवाड़. जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के किश्तवाड़ (Kishtwar) में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या को लेकर बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के बीच ठन गई है। बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों की हत्या से पहले मस्जिद से नारे लगाए गए थे। वहीं जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि सेना के जवानों ने ही गलती से पुलिस अधिकारियों को मार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी इन मौतों को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रही है।

कर्रा ने कहा कि दोनों एसपीए बंदूक लेकर शिकार पर गए थे। उन्होंने यूनिफॉर्म नहीं पहन रखी थी। जब वे जंगल से वापस आ रहे थे तब सेना के जवानों ने समझा कि वे आतंकी हैं। उन्होंने गोलीबारी कर दी और इसी वजह से दोनों आधिकारियों की मौत हो गई। सेना ने फिलहाल इस मामले को लेकर कोई बयान नहीं जारी किया है। वहीं बीजेपी प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि सेना के जवान इस तरह से बिना पुष्टि किए किसी पर फायरिंग नहीं करते।


  • बीजेपी नेता भी जताई अपनी पार्टी के विधायक के बयान पर आपत्ति
    बीजेपी नेता जहानजैब सिरवाल ने अपनी ही पार्टी के विधायक के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मस्जिद से घोषणा वाली बात दुर्भाग्यपूर्ण और तथ्यहीन है। जामिया मस्जिद के इमाम मौलाना फारूक अहमद किचलू के नेतृत्व वाले ‘इस्लामी मरकज-ए-मजलिस शूरा किश्तवाड़’ ने परिहार द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने इन दावों को बेबुनियाद बताया और कहा कि इससे इस संवेदनशील जिले में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही, उन्होंने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है।

    जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के रहने वाले एसपीओ बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) गुरुवार सुबह दच्छन वन क्षेत्र में मृत पाए गए। ये दोनों एक दिन पहले तब लापता हो गए थे, जब वे पास की मरवाह तहसील के बसनांद में एक सुरक्षा चौकी की ओर जा रहे थे। एसपीओ के लिए आयोजित श्रद्धांजलि समारोह के दौरान किश्तवाड़ की विधायक परिहार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कथित तौर पर दावा कर रही हैं कि हत्याओं से पहले एक मस्जिद से घोषणाएं की गई थीं। उन्होंने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई में हुई देरी पर भी सवाल उठाए हैं।

    बीजेपी में आपस में ही ठनी
    विधायक ने आरोप लगाया, “इसमें शामिल लोगों को अब तक क्यों नहीं पकड़ा गया है? एक मस्जिद से घोषणाएं की गईं। कोई तो है जो यहां से जानकारी दे रहा है और खुफिया बातें लीक कर रहा है। हमारे लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है और मारा जा रहा है।” सिरवाल ने उन दावों की निंदा की जिनमें कहा गया था कि एक मस्जिद का इस्तेमाल भड़काऊ घोषणाएं करने और उकसावे वाले नारे लगाने के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि ठोस सबूतों के बिना किसी भी मस्जिद को ऐसी गतिविधियों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

    परिहार के आरोपों को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और तथ्यों से रहित बताते हुए उन्होंने कहा, “मुस्लिम समुदाय के एक सदस्य के रूप में, मैं धार्मिक संस्थानों को ऐसी चर्चाओं में घसीटने की कोशिशों का कड़ा विरोध करता हूं, जिनसे समुदायों के बीच अविश्वास और संदेह पैदा हो सकता है। मस्जिदें आस्था, इबादत और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के केंद्र हैं, और उनकी पवित्रता का सम्मान किया जाना चाहिए।” भाजपा नेता ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के हालिया बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने एसपीओ की हत्याओं को एक विशेष समुदाय के कथित ‘जातीय सफाये’ की कोशिशों से जोड़ा था।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved