
जबलपुर। मध्य प्रदेश में एथेनॉल उत्पादन के नाम पर आवंटित किए गए सरकारी चावल को बाजार में बेचकर करीब 2 हजार करोड़ रुपये का बड़ा घोटाला करने का मामला सामने आया है। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के अध्यक्ष डॉ पी जी नाजपांडे, रजत भार्गव, डी आर लखेरा, पी एस राजपूत, अशोक यादव, यशवंत कोष्टा, सुशीला कनौजिया, गीता पाण्डे और श्याम सोलंकी ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। मंच की ओर से मुख्य सचिव, भारतीय खाद्य निगम और स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन को लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि भारतीय खाद्य निगम द्वारा एथेनॉल प्लांट के लिए जारी किए गए 5.39 लाख मैट्रिक टन चावल को प्लांट तक पहुंचाने के बजाय चुपचाप राईस मिलर्स को बेच दिया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है।
सस्ते दामों पर चावल बेचकर कमाया करोड़ों का मुनाफा
सरकारी नियमों के मुताबिक 1 क्विंटल चावल की वास्तविक लागत लगभग 4200 रुपये होती है, लेकिन एथेनॉल कंपनियों ने इसे लागत मूल्य से 40 प्रतिशत कम दर पर राईस मिलर्स के हाथों बेच दिया। बालाघाट और छिंदवाड़ा जिलों में संचालित एथेनॉल कंपनियों ने चावल को प्लांट में ले जाने के स्थान पर सीधे बाजार में खपाकर 200 से लेकर 400 रुपये प्रति क्विंटल तक का अवैध मुनाफा कमाया है। नियमानुसार चावल की आपूर्ति के बाद संबंधित जिला प्रबंधकों को इसके उपयोग का प्रमाण पत्र मिलना अनिवार्य होता है, लेकिन अधिकांश जिलों से ऐसे प्रमाण पत्र ही गायब हैं। प्रदेश के मुरैना, खरगौन, छिंदवाड़ा, बैतूल, ग्वालियर, धार, सतना, बालाघाट, रायसेन, मंदसौर, पांढुर्णा, बड़वानी, नर्मदापुरम, मण्डला, शहडोल और हरदा जिलों में कुल 22 एथेनॉल प्लांट स्थापित हैं, जहां इसी तरह की गड़बड़ी होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
जांच के नाम पर एसआईटी ने साधी चुप्पी
राज्य शासन ने इस गंभीर मामले की जांच करने के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन तो किया, लेकिन पूरी मात्रा में सप्लाई किए गए चावल की जांच नहीं की गई। बालाघाट और कटनी जिलों से एफसीआई द्वारा कई एथेनॉल कंपनियों को बड़ी मात्रा में चावल जारी किया गया था, मगर जांच टीम ने केवल छिंदवाड़ा की एवीजे कंपनी के खिलाफ ही जांच की और अन्य कंपनियों के मामले में पूरी तरह चुप्पी साध ली। उपभोक्ता मंच ने सभी 22 प्लांटों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों से सरकारी राशि वसूलने की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved