img-fluid

सिंहस्थ के काम में सुस्ती पर निर्माण एजेंसी ब्लैकलिस्ट होगी, इंजीनियर निलंबित

November 16, 2026

  • हनुमान नाका-हरिफाटक और नीलगंगा-हरिफाटक मार्ग का काम 31 दिसंबर तक पूरा करने की सख्त डेडलाइन-एक दिन की भी देरी हुई तो होगी कार्रवाई

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कामों में देरी अब अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों पर भारी पड़ सकती है। रविवार को संभागायुक्त ने हनुमान नाका से हरिफाटक और नीलगंगा से हरिफाटक मार्ग के चौड़ीकरण की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण एजेंसी ब्राइट इंफ्रा को ब्लैकलिस्ट करने और मौके पर तैनात सहायक यंत्री जीपी डेहरिया को निलंबित करने के निर्देश दिए।



  • इसके साथ ही उन्होंने दोनों मार्गों का काम हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा कर आवागमन शुरू करने की समय-सीमा तय की। संभागायुक्त आशीष सिंह ने कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के साथ रविवार को सिंहस्थ के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान हनुमान नाका-हरिफाटक और नीलगंगा-हरिफाटक मार्ग पर काम की रफ्तार के साथ निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी देखी। काम की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एजेंसी को अतिरिक्त मशीनें, संसाधन और श्रमिक लगाकर काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि 31 दिसंबर के बाद काम के लिए एक दिन की भी अतिरिक्त मोहलत नहीं मिलेगी। तय समय-सीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चौड़ीकरण में बाधा बन रही संरचनाओं को तत्काल हटाने और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

    खाक चौक से भर्तृहरि गुफा तक सड़क का काम दिसंबर में पूरा करने का लक्ष्य
    इसके बाद अधिकारियों ने खाक चौक-वीर सावरकर चौराहे से गढ़कालिका मंदिर, पीर मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल होते हुए भर्तृहरि गुफा चौराहे तक बन रही नई सड़क का निरीक्षण किया। उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई जा रही यह सड़क 2100 मीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी होगी। अब तक 950 मीटर हिस्से में एक तरफ सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। संभागायुक्त ने शेष काम में तेजी लाकर दिसंबर में ही पूरा करने के निर्देश दिए। इस सड़क के बनने से गढ़कालिका मंदिर, पीर मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल और भर्तृहरि गुफा तक पहुंचना आसान होगा। स्थानीय रहवासियों के साथ श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त और कलेक्टर ने निर्माण में सहयोग करने वाले किसानों से चर्चा की। किसानों ने सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई। निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी दृष्टि जायसवाल, ओमप्रकाश सनोडिया सहित नगर निगम, विकास प्राधिकरण के अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved