
उज्जैन। छठ महापर्व के अंतिम दिन आज सोमवार सुबह विक्रम तीर्थ सरोवर के मिथिला घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ। 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने सूर्यदेव को अध्र्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भी वर्चुअल संदेश देकर पर्व की शुभकामनाएं दी।
आज सुबह उगते सूरज को अध्र्य देकर व्रत का पारणा किया गया। सोमवार सुबह से ही मिथिला घाट पर पूर्वांचल समाज के परिवारों की भीड़ जुटने लगी थी। छठ के पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के बीच घाट पर आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम दिखाई दिया। इससे पहले रविवार शाम को व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर बांस के सूप में फल, गन्ना और पारंपरिक प्रसाद सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य को अध्र्य दिया था। छठ पूजा के लिए मिथिला घाट को विशेष रूप से सजाया गया था। पूजा की थालियों में सेब, संतरा, नारियल, सिंघाड़ा, अमरूद, केला, आंवला, मूली, अदरक, हल्दी और ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद शामिल रहे। महिलाओं ने डूबते सूर्य की उपासना कर परिवार की खुशहाली की कामना की। छठ की विशेषता है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की पूजा की जाती है। कल शाम को रामघाट पर भी बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग छठ पूजा के लिए जमा हुए थे।
विक्रम तीर्थ सरोवर अब पर्व और पूजन के लिए आदर्श स्थल..
छठी माई के पूजन में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छठ ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना होती है। यह जीवन के दोनों पक्षों का दर्शन कराता है। छठ पूजा में हमारी संस्कृति और परंपराओं के दर्शन होते हैं। बिहार और उज्जैन का रिश्ता सम्राट अशोक के समय से अटूट रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष विक्रम तीर्थ सरोवर के विकास और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए थे। इस बार सरोवर पूरी तरह निखरकर सामने आया है। यहां छठ पूजा के साथ अन्य पर्वों पर भी श्रद्धालु पूजन कर सकेंगे। घाट और पुल का निर्माण होना शहर के लिए गौरव की बात है। यहां बिहार मूल के करीब 200 परिवारों की महिलाओं और सदस्यों को छठी माई का पूजन करते देखकर अभिभूत हूं। उन्होंने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज सहित अन्य जन मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved