img-fluid

अब पूरे देश में नहीं बिक सकेगा एनालॉग पनीर

November 16, 2026

इंदौर, विकाससिंह राठौर। पनीर के नाम पर गैर-दुग्ध उत्पाद बेचकर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले कारोबारियों पर अब देशभर में शिकंजा कसने की तैयारी है। मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पूरे देश में इस पर रोक लगाने के लिए ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें दूध से अलावा अन्य पदार्थों से बने पनीर के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव है। इस पर संबंधित पक्षों से दावे, आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। इन पर विचार के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके लागू होने पर देशभर में ऐसे उत्पाद को पनीर के नाम से बेचना संभव नहीं होगा।

अब तक निर्धारित पहचान और लेबलिंग के साथ डेयरी एनालॉग उत्पादों को अलग श्रेणी में बेचने की अनुमति थी, लेकिन शिकायतें थीं कि कारोबारी इन्हें पैकिंग में मंगवाकर दुकानों पर खोल देते थे और सामान्य पनीर बताकर बेचते थे। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में भी इनका इस्तेमाल होता था, जहां ग्राहक को पता ही नहीं चलता था कि उसे दूध से बना पनीर परोसा जा रहा है या वनस्पति वसा से तैयार उत्पाद। इस तरह कम लागत वाले उत्पाद के बदले उपभोक्ताओं से सामान्य पनीर की पूरी कीमत वसूली जा रही थी।

लाइसेंस होने पर भी नहीं लिख सकेंगे पनीर
एफएसएसएआई के ड्राफ्ट में खाद्य सुरक्षा एवं मानक (बिक्री पर प्रतिबंध और निर्बंधन) विनियम, 2011 में संशोधन का प्रस्ताव है। इसके तहत दूध से प्राप्त घटकों से नहीं बने पनीर पर रोक लगाने के साथ पहले से एनालॉग इन डेयरी कॉन्टेक्स्ट श्रेणी में लाइसेंस या पंजीकरण प्राप्त उत्पादों को भी अपने नामकरण, लेबलिंग और मार्केटिंग में पनीर शब्द इस्तेमाल करने से प्रतिबंधित किया जाएगा। यानी केवल पैकिंग पर एनालॉग लिख देना पर्याप्त नहीं होगा। गैर-दुग्ध उत्पाद को पनीर के रूप में बनाया और बेचा नहीं जा सकेगा।

क्रीम निकालकर मिलाते हैं वनस्पति तेल
एनालॉग पनीर सामान्य पनीर से अलग होता है। इसे बनाने के एक प्रचलित तरीके में दूध से क्रीम निकालने के बाद बचे दूध या मिल्क सॉलिड्स का इस्तेमाल किया जाता है। प्राकृतिक दूध की वसा कम होने के कारण इसमें पाम ऑयल, वनस्पति तेल या दूसरी गैर-दुग्ध वसा मिलाई जाती है। इससे उत्पाद को पनीर जैसी बनावट मिल जाती है। दूध से बने पनीर की तुलना में इसकी लागत कम पड़ती है, इसलिए यह बाजार में सस्ता भी होता है।

12 अगस्त को मध्यप्रदेश में लगा था प्रतिबंध
मध्यप्रदेश सरकार ने 12 अगस्त 2026 को एनालॉग पनीर के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई थी। इसमें पनीर के अलावा क्रीम, मक्खन और मावा जैसे वास्तविक डेयरी उत्पादों का आभास कराने वाले एनालॉग उत्पाद भी शामिल किए गए थे। इससे पहले अग्निबाण ने 17 जनवरी को इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। सरकार के अनुसार वर्ष 2025-26 में पनीर के 921 नमूनों की जांच की गई थी, जिनमें 123 अमानक पाए गए। इनमें 98 नमूनों की बीआर रीडिंग और 25 नमूनों का फैट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था।

इन राज्यों में पहले ही लग चुकी है रोक
मध्यप्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना सहित कई राज्यों ने एनालॉग पनीर या संबंधित डेयरी एनालॉग उत्पादों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम उठाए हैं। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में प्रतिबंध का दायरा और अवधि अलग है। अब एफएसएसएआई की पहल से पूरे देश में एक समान व्यवस्था लागू करने का रास्ता तैयार हो रहा है।

ग्राहक से धोखा और सेहत से खिलवाड़ बंद होगी
पनीर के नाम पर एनालॉग पनीर एक तरह का नकली पनीर ही होता है। इसमें मिल्क फैट की जगह पाम तेल या वनस्पति तेल जैसे अन्य फैट मिलाए जाते हैं, जिसके कारण इसकी लागत और कीमत कम होती है, लेकिन बाजार में इसे असली पनीर के नाम से बेचा जाता है। इससे ग्राहकों के साथ धोखा तो होता ही है, साथ ही ऐसे कई लोग जिन्हें पाम या वनस्पति तेल ना खाने की सलाह दी जाती है, उनकी सेहत से भी खिलवाड़ होता है। इन्हीं बातों को देखते हुए पूरे देश में इस पर रोक लगाए जाने की तैयारी है। जल्द ही फाइनल नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही पूरे देश में पनीर नाम से ऐसे प्रोडक्ट को नहीं बनाया या बेचा जा सकेगा। – मनीष स्वामी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved