मॉस्को। रूस और यूक्रेन (Russia and Ukraine) के बीच चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध (War) थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों देश लगातार एक-दूसरे पर ड्रोन और मिसाइलों (missiles) से हमले कर रहे हैं। इसी बीच रूस ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में 533 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। रूस के अनुसार, इन ड्रोन को उसके 13 क्षेत्रों, क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर तथा अजोव सागर के ऊपर नष्ट किया गया। हालांकि, शुरुआती विवरण में 1,336 ड्रोन मार गिराने का भी दावा किया गया है।
काला सागर में तीन वाणिज्यिक जहाजों पर ड्रोन हमला
एक रिपोर्ट के मुताबिक, काला सागर में तीन वाणिज्यिक जहाजों को ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया। रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूनान के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर ड्रोन से हमला किया गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हालांकि, जहाज के चालक दल ने आग पर काबू पा लिया।
इससे पहले पिछले महीने बुल्गारिया और रोमानिया के तटों के आसपास कई मालवाहक जहाजों और तेल टैंकरों पर हवाई तथा ड्रोन हमले किए जाने की खबरें सामने आई थीं। इन घटनाओं से काला सागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा ने रविवार को बताया कि दक्षिण-पूर्वी शहर जापोरिज्जिया में रातभर हुए रूसी हवाई हमलों में छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल का एक बच्चा भी शामिल है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने पिछले एक सप्ताह के दौरान यूक्रेन पर 2,300 से अधिक ड्रोन हमले किए हैं।
वहीं, रूस के रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन हमलों में दो बिजली सब-स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में एक मुख्य इंजीनियर की मौत हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि ड्रोन का मलबा कारों पर गिरने से चार लोग घायल हुए। इसके अलावा ट्रोइत्स्कोये गांव में एक उत्पादन इकाई पर मलबा गिरने से एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
रूसी अधिकारियों के अनुसार, हमलों के कारण कुछ इलाकों में गर्म पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
ट्रंप की कोशिशों के बावजूद नहीं बनी बात
रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को समाप्त कराने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार पहल कर चुके हैं। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से अलग-अलग बातचीत भी की है। अमेरिका की ओर से दोनों देशों के बीच समझौते की संभावना जताई जाती रही है, लेकिन अब तक युद्ध समाप्त करने पर कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी है। दोनों देशों के बीच प्रत्यक्ष वार्ता भी निर्णायक मुकाम तक नहीं पहुंच पाई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved