
नई दिल्ली। केंद्र सरकार (Central Government) ने सोमवार देर रात डीजल (Diesel) पर विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax) और हवाई ईंधन (Aviation Fuel) यानी ATF पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया, जबकि पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया। घरेलू बाजार में बेचे जाने वाले पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले एक्साइज ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया। इसके बाद आज 17 नवंबर को सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट जारी कर दीं।
सरकार के इस फैसले का घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। इसकी वजह यह है कि टैक्स में बदलाव केवल विदेश भेजे जाने वाले ईंधन पर किया गया है। देश के भीतर इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले मौजूदा टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
आज भी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये लीटर बिक रहा है। यानी रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लखनऊ में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 102.05 रुपये और डीजल की 99.28 रुपये है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 113.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 99.82 रुपये प्रति लीटर है।
कितना बढ़ा विंडफॉल टैक्स
वित्त मंत्रालय ने डीजल के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स को 11.50 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति लीटर कर दिया। ATF पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को भी 11 रुपये से बढ़ाकर 12.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया। जबकि, पेट्रोल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स जीरो है।
विंडफॉल टैक्स क्या है
इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर सरकार हर 15 दिन में निर्यात पर लगने वाले टैक्स की समीक्षा करती है। मध्य-पूर्व में तनाव के चलते मार्च 2026 में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के बाद सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर अतिरिक्त शुल्क लगाना शुरू किया था।
इसका मकसद घरेलू बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और तेल कंपनियों को ज्यादा मुनाफे के लिए विदेशों में जरूरत से ज्यादा ईंधन बेचने से रोकना है।
तेल कंपनियों पर पड़ेगा असर
डीजल और हवाई ईंधन का निर्यात करने वाली कंपनियों को अब सरकार को ज्यादा टैक्स देना पड़ सकता है। इससे उनके निर्यात कारोबार से होने वाले मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, सरकार को उम्मीद है कि निर्यात पर टैक्स बढ़ने से कंपनियां घरेलू बाजार में ईंधन की पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने को प्राथमिकता देंगी। इससे देश में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है। ग्लोबल मार्केट में आज सुबह ब्रेंट क्रूड 92.44 डॉलर प्रति बैरल के पर ट्रेड कर रहा था। इसमें 3.55 प्रतिशत की बड़ी गिरावट थी। वहीं, अमेरिकी क्रूड WTI 85.28 डॉलर प्रति बैरल पर था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved