
- प्रतिबंध लगाने की मांग वाले संदेशों से मचा हड़कंप, नगर निगम ने सूचना मिलते ही मिटवाई लिखावट, कृत्य करने वालों की पहचान अब भी पहेली
जबलपुर। संस्कारधानी के मदन महल क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर दीवारों पर की गई विवादास्पद लिखावट का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। अज्ञात लोगों द्वारा सार्वजनिक दीवारों पर रंग-रोगन के माध्यम से आरएसएस के खिलाफ टिप्पणी लिखी गई थी। इन संदेशों में संघ पर प्रतिबंध लगाने की मांग से जुड़ी बातें लिखी गई थीं। दीवारों पर इस तरह की राजनीतिक और वैचारिक टिप्पणी सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार, मदन महल क्षेत्र की कुछ दीवारों पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रंगों से आरएसएस के खिलाफ संदेश लिखे गए थे। इन संदेशों के जरिए संघ को प्रतिबंधित किए जाने की मांग उठाई गई थी। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लिखावट किए जाने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम का अमला सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर विवादास्पद टिप्पणियों को मिटाने की कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने दीवारों पर की गई लिखावट को हटाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर दीवारों पर यह लिखावट किसने की और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह किसी संगठन की ओर से किया गया कृत्य था या किसी व्यक्ति अथवा समूह की शरारत। शहर के सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियां सामने आने के बाद यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल दीवारों पर लिखी गई विवादास्पद टिप्पणियां तो मिटा दी गई हैं, लेकिन उन्हें लिखने वालों की पहचान अब भी पहेली बनी हुई है।