
- मुनि संघ के सानिध्य में निकली घटयात्रा, धार्मिक अनुष्ठानों में उमड़ा जैन समाज
पनागर। भगवान श्री 1008 शांतिनाथ स्वामी की पावन नगरी पनागर में आठ दिवसीय श्री समवसरण महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ। परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के परम शिष्य मुनिश्री निर्दोष सागर महाराज, मुनिश्री निर्लोप सागर महाराज, मुनिश्री निरुपम सागर महाराज, मुनिश्री चिद्रूप सागर महाराज एवं मुनि श्री सुभग सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
विधान के शुभारंभ अवसर पर सुबह 7 बजे बाजार जैन मंदिर से भव्य घटयात्रा निकाली गई, जो बड़े जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके पश्चात मुनि संघ के सानिध्य में ध्वजारोहण सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। सुबह 8.30 बजे से मुनि श्री के प्रवचन प्रारंभ हुए। इस दौरान मुनि श्री निर्दोष सागर महाराज ने श्री समवसरण विधान की महिमा बताते हुए इसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों को कुबेर इंद्र, महायज्ञ नायक, यज्ञ नायक, चक्रवर्ती, राजा श्रेणिक, ईशान, सनत एवं महेंद्र इंद्र बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही सभी पात्रों की शुद्धि, इंद्र प्रतिष्ठा एवं मंडप स्थापना की धार्मिक क्रियाएं भी संपन्न हुईं। मुनि श्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर श्री जैन प्रबंधकारिणी सभा के अध्यक्ष राजेश कटंगा, मंत्री अभिनंदन चौधरी सहित कार्यकारिणी के सदस्य, सकल जैन समाज, महिला मंडल, नवयुवक मंडल एवं ब्राह्मी विद्या आश्रम की बहनों ने उपस्थित होकर भगवान एवं मुनि संघ की पूजन-अर्चना की और धर्मलाभ प्राप्त किया। आठ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का माहौल है।