img-fluid

जबलपुर में गूगल भी नहीं ढूंढ पा रहा ट्रैफिक पुलिस

November 17, 2026

  • त्योहारों पर छुट्टी और वीआईपी आते ही हाजिरी,पब्लिक जाम से कराह रही, बड़े अफसर फील्ड से दूर

जबलपुर। जबलपुर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था संभालने वाली ट्रैफिक पुलिस इन दिनों किसी गुमशुदा पहेली की तरह शहर के चौराहों से गायब हो गई है। दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के साथ ही स्कूल छूटने के व्यस्त समय में भी वर्दीधारी जवानों का कहीं अता-पता नहीं चल रहा है। शहर में यातायात सुधारने के लिए डीएसपी समेत पूरा भारी-भरकम अमला तैनात है और सरकारी खजाने से हर महीने इनकी तनख्वाह भी कट रही है। इसके बावजूद धरातल पर इनकी मौजूदगी शून्य नजर आ रही है। चौराहों पर लगे आधुनिक सिग्नल बंद पड़े हैं, संबंधित कंपनी काम छोड़कर जा चुकी है और जिम्मेदार अधिकारी एसी दफ्तरों से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं। नतीजतन आम जनता रोजाना भीषण जाम में फंसकर व्यवस्था को कोस रही है।

[relpst]

चौराहों पर रस्म अदायगी कर रहे इक्का-दुक्का जवान
शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्ततम तिराहों पर जब भीषण जाम लगता है, तो वहां यातायात को सुचारू करने वाला कोई नजर नहीं आता। जिन चुनिंदा चौराहों पर इक्का-दुक्का यातायात कर्मी दिखाई भी देते हैं, वे केवल औपचारिकता निभाते हुए सड़क के एक किनारे खड़े होकर तमाशा देखते रहते हैं। जाम में फंसे वाहन चालक आपस में उलझते रहते हैं और घंटों तक रेंगते हुए निकलने को मजबूर होते हैं, लेकिन किनारे खड़े जवान स्थिति संभालने का कोई प्रयास नहीं करते। पहले दोपहर के वक्त स्कूलों की छुट्टी होने पर चौराहों पर पुलिस की मुस्तैदी दिखती थी, मगर अब बच्चों की बसें और अभिभावक भी जाम के झाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं।

बंद सिग्नलों के भरोसे छोड दी गई व्यवस्था
यातायात महकमे के आला अधिकारियों को शायद यह गलतफहमी हो गई है कि चौराहों पर खंभे गाड़कर सिग्नल लगा देने भर से शहर की यातायात समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। हकीकत यह है कि शहर का दुर्भाग्य कहें या प्रशासनिक लापरवाही, अधिकतर चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल लंबे समय से खराब पड़े हैं और शोपीस बनकर रह गए हैं। बताया जा रहा है कि सिग्नल लगाने और उनके रखरखाव का जिम्मा संभालने वाली ठेका कंपनी भी बीच में ही काम छोड़कर जा चुकी है। नई व्यवस्था बनाने या सिग्नलों को सुधारने की सुध लेने वाला कोई नहीं है, जिससे वाहन चालक अपनी मर्जी से गाडिय़ां दौड़ा रहे हैं।

वीआईपी मूवमेंट पर अचानक प्रकट होती है पूरी फौज
आम दिनों में नदारद रहने वाला यह अमला उस समय अचानक पूरी ऊर्जा के साथ सड़क पर प्रकट हो जाता है, जब शहर में किसी वीआईपी का आगमन होता है या महकमे के किसी बड़े साहब का काफिला गुजरता है। उन खास मौकों पर यही पुलिसकर्मी पूरी तरह मुस्तैद और तैयार होकर हर मोड़ पर सीटी बजाते दिखते हैं। जैसे ही वीआईपी का काफिला गुजरता है, पूरी फौज फिर से न जाने किस बिल में गायब हो जाती है। आम नागरिक की सुविधा और सुरक्षा से इस महकमे को मानो कोई सरोकार ही नहीं रह गया है, सारा जोर केवल बड़े लोगों को रास्ता देने तक ही सीमित है।

एसी दफ्तरों से बाहर नहीं निकलते जिम्मेदार अधिकारी
यातायात व्यवस्था के इस कदर चरमराने के पीछे सबसे बड़ा कारण जिम्मेदार अधिकारियों की मैदानी फील्ड से दूरी है। शहर में यातायात संचालन के लिए बाकायदा डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की फौज मौजूद है, लेकिन ये अधिकारी अपने वातानुकूलित दफ्तरों की आरामदायक कुर्सियों से उठकर धूप और धूल में उतरना ही नहीं चाहते। जब तक वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर अपने अधीनस्थों की क्लास नहीं लेंगे और व्यवस्था की निगरानी नहीं करेंगे, तब तक सुधार की उम्मीद करना बेमानी है। जनता की गाढ़ी कमाई से वेतन पाने वाले इस महकमे की बेरुखी अब शहरवासियों के सब्र का बांध तोड़ रही है।

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved