img-fluid

भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देश रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा दें – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

November 17, 2026


मनीला/नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देश (India and Southeast Asian Nations) रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा दें (Should give new direction to their Strategic Partnership) ।


  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने का आह्वान किया। साझेदारी को नई ऊंचाई देने के लिए पीएम ने कुछ अहम प्रस्ताव भी रखे जिन्हें संयुक्त बयान में शामिल भी किया गया। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर शिखर सम्मेलन में पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टुगेदर’ विषय के तहत फिलीपींस के प्रयासों और भारत के लिए कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में उसके समर्थन की सराहना की।

    अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “भारत एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास करता है। भारत आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।” आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने आसियान के साथ संबंधों को नई गति दी है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत और आसियान के साझा मूल्यों, सांस्कृतिक संबंधों और समान वैश्विक दृष्टिकोण को साझेदारी की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि भारत और आसियान को केवल तकनीकों के उपभोक्ता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें मिलकर नई तकनीक विकसित करनी चाहिए और अपने लोगों को इसके लिए कुशल बनाना चाहिए।

    शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने भारत-आसियान सहयोग को ठोस रूप देने के लिए कई प्रस्ताव भी रखे। इनमें समुद्री संपर्क, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा को लेकर दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना शामिल है। इसके अलावा, क्षेत्रीय क्षमता निर्माण के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान, भारत-आसियान स्पेस हैकाथॉन, और महत्वपूर्ण खनिजों तथा खनन के क्षेत्र में सहयोग का प्रस्ताव रखा गया। युवा संपर्क को मजबूत करने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित करने की बात कही गई। प्रधानमंत्री ने नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियां बढ़ाने, ‘वेव्स 2027’ में भारत-आसियान क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन स्थापित करने और आसियान देशों के पर्यटकों को निशुल्क ई-वीजा देने का भी प्रस्ताव रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए विशेष महत्व रखेगा। इस वर्ष दोनों पक्ष अपने संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाएंगे।

    भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ‘आसियान’ ने प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। दोनों पक्ष भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात, अत्यधिक गर्मी और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए शुरुआती चेतावनी प्रणाली, आधुनिक तकनीक, संयुक्त अभ्यास और त्वरित राहत-बचाव अभियान को मजबूत करेंगे। फिलीपींस की राजधानी मनीला में 17 नवंबर (मंगलवार) को आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के अवसर पर इस संबंध में संयुक्त बयान जारी किया गया। इसमें आपदा प्रबंधन के पूरे चक्र (यहां सात) यानी आपदा की रोकथाम के लिए संस्थागत सहयोग और समन्वय, पूर्व चेतावनी प्रणाली और जोखिम संबंधित जानकारी, तैयारी, राहत-बचाव, पुनर्वास, आपदा प्रबंधन में प्रौद्योगिकी और नवाचार, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण और तंत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन की मेजबानी के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति का आभार जताया और आसियान की आगामी अध्यक्षता संभालने जा रहे सिंगापुर के प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं।


    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के नेताओं के साथ नजर आए। इस दौरान उनके साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज मौजूद रहे। चारों नेताओं की यह मुलाकात हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। मनीला में आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान क्वाड नेताओं की यह बैठक हो रही है। सितंबर 2024 के बाद चारों देशों के नेताओं की यह पहली शिखर स्तरीय बैठक है। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved