img-fluid

भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

November 18, 2026


नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है (India is among the world’s fastest-growing Economies) ।


  • भारत में दो दशकों बाद वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंज्स (डब्ल्यूएफई) की 65वीं जनरल असेंबली और एनुअल मीटिंग के आयोजन पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है और हमारा पूंजीगत बाजार भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान, पीएम मोदी ने आयोजक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) और डब्ल्यूएफई को बधाई दी और कार्यक्रम में आने वाले प्रतिनिधियों का स्वागत किया। पीएम मोदी ने अपने लिखित संदेश में कहा,”मौजूदा समय में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। हमारा पूंजीगत बाजार अर्थव्यवस्था के साथ तेजी से बढ़ रहा है। इससे कंपनियों को पूंजी जुटाने, परिचालन का विस्तार करने और विकास के लिए नए अवसरों में भाग लेने का मौका मिला है।” उन्होंने आगे कहा, “म्यूचुअल फंड्स जैसे साधनों के जरिए निवेश अब अभूतपूर्व स्तरों पर पहुंच चुके हैं। यह काफी उत्साहजनक है कि अब ज्यादा लोग बाजारों का हिस्सा बन रहे हैं। इससे हमारे नागरिकों को देश के विकास का भागीदार बनने का भी मौका मिल रहा है।”

    प्रधानमंत्री ने मुताबिक, पिछले एक दशक में, भारत ने अपनी वित्तीय प्रणाली को अधिक समावेशी और कुशल बनाने की दिशा में काम किया है। बैंकिंग, बीमा और डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार ने लाखों नागरिकों को औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जोड़ा है। हमारे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (जिसमें जेएएम ट्रिनिटी और यूपीआई शामिल हैं) ने यह दिखाया है कि तकनीक किस तरह बड़े पैमाने पर वित्तीय सेवाओं की पहुंच को बदल सकती है। इसके साथ ही, बाजार के बुनियादी ढांचे में तकनीक-आधारित सुधारों और निवेश प्लेटफॉर्म तक आसान पहुंच ने हमारे पूंजी बाजारों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने में मदद की है। भारत का अनुभव दिखाता है कि किस तरह वित्तीय समावेशन और वित्तीय नवाचार एक-दूसरे को मजबूत कर सकते हैं।

    आगे कहा कि वित्तीय जगत में बड़े बदलाव हो रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकें बाजारों के काम करने के तरीके को बदल रही हैं। इससे नए अवसर तो पैदा हो रहे हैं, लेकिन साथ ही साइबर सुरक्षा, बाजार की निष्पक्षता और निवेशकों की सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं। तकनीक भले ही यह तय करे कि बाजार कितनी तेजी से विकसित होंगे, लेकिन इस पूरे तंत्र के विकास में ‘भरोसा’ हमेशा सबसे अहम बना रहेगा। 65वीं डब्ल्यूएफई जनरल असेंबली और एनुअल मीटिंग 17 से 19 नवंबर, 2026 तक मुंबई में आयोजित हो रही है, जिसकी मेजबानी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया कर रहा है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved