img-fluid

फिलीपींस में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को उपहार भेंट किए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने

November 18, 2026


मनीला । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने फिलीपींस में (In Philippines) विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को (To heads of state and heads of government from Various Countries) उपहार भेंट किए (Presented Gifts) ।


  • प्रधानमंत्री ने विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को भारत के अलग-अलग राज्यों की विशिष्ट कलाकृतियां भेंट कीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नाथद्वारा की पेंटिंग तो जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची को बनारसी कला की मिसाल स्टोल उपहार स्वरूप दिया। इन उपहारों की खासियत यह रही कि हर कलाकृति के साथ किसी न किसी क्षेत्र की सदियों पुरानी परंपरा, स्थानीय कारीगरों का हुनर और भारत की सांस्कृतिक पहचान जुड़ी हुई है। ये केवल औपचारिक भेंट नहीं, बल्कि भारत की कला, शिल्प और परंपराओं को दुनिया के सामने रखने का माध्यम भी बने। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की प्रसिद्ध ब्लू पॉटरी की कलाकृति भेंट की गई। जयपुर की यह पारंपरिक कला सामान्य मिट्टी के बजाय क्वार्ट्ज आधारित मिश्रण से तैयार की जाती है। इसकी चमकदार सफेद सतह पर गहरे नीले रंग से फूलों, पक्षियों और ज्यामितीय आकृतियों की बारीक चित्रकारी की जाती है। विशेष ग्लेजिंग और भट्ठी में पकाने की प्रक्रिया इसे विशिष्ट चमक देती है। यह कला राजस्थान की पारंपरिक पहचान और स्थानीय कारीगरों की पीढ़ियों से चली आ रही कुशलता का प्रतीक है।

    जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची को शाही नीले रंग का बनारसी कतान सिल्क स्टोल भेंट किया गया। इसे सादेली बॉक्स में सजाकर दिया गया। बनारस की सदियों पुरानी बुनाई परंपरा से तैयार इस स्टोल पर बारीक डिजाइन और पारंपरिक कारीगरी देखने को मिलती है। इसका शाही नीला रंग गरिमा, ज्ञान और सद्भाव का प्रतीक माना गया है। यह उपहार भारत और जापान के बीच मित्रता, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक आत्मीयता को दर्शाता है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की प्रसिद्ध स्वर्ण पिचवाई पेंटिंग दी गई। कपड़े पर तैयार की जाने वाली इस पारंपरिक चित्रकला में खनिज रंगों और सोने की बारीक सजावट का इस्तेमाल होता है। इसमें कमल, गाय, पेड़ और पारंपरिक अलंकरण जैसे चित्र दिखाई देते हैं। अपनी बारीक कारीगरी और चमकदार रंगों के कारण पिचवाई कला भारतीय चित्रकला की विशिष्ट पहचान रखती है।

    मेजबान देश फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर को कश्मीरी रेशम का कालीन भेंट किया गया। इस कालीन की खासियत इसकी चमक, मुलायम बनावट और बेहद बारीक गांठों से तैयार होने वाला डिजाइन है। इसे बनाने में कुशल कारीगरों को महीनों, कभी-कभी वर्षों तक मेहनत करनी पड़ती है। इसके डिजाइन में कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, चिनार के पत्तों, फूलों और ज्यामितीय आकृतियों की झलक मिलती है। राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर की पत्नी लुईस “लिजा” अरानेटा-मार्कोस को कश्मीरी पश्मीना शॉल के साथ पेपर माशे का खूबसूरत सा डिब्बा दिया गया। इस उपहार में कश्मीर की दो प्रसिद्ध हस्तकलाओं का संगम देखने को मिला। पश्मीना चांगथांगी बकरी के महीन रेशे से तैयार की जाती है। यह अपनी असाधारण कोमलता, हल्के वजन और गर्माहट के लिए दुनिया भर में जानी जाती है। वहीं, पेपर माशे का डिब्बा कागज की परतों से तैयार कर उस पर हाथ से रंगीन फूलों और पारंपरिक आकृतियों की चित्रकारी की जाती है। प्रधानमंत्री की ओर से दी गई भेंटों में भारत के अलग-अलग राज्यों और समुदायों की कला परंपराओं का समावेश है। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, और उत्तर प्रदेश की लोककलाओं के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता को सामने रखा गया। हर कलाकृति अपने साथ एक क्षेत्र का इतिहास, उसकी पहचान और वहां के शिल्पकारों की मेहनत की कहानी लेकर पहुंची।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved