
टोक्यो । विदेश मंत्री एस. जयशंकर (External Affairs Minister S. Jaishankar) ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ (With former Japanese Prime Minister Fumio Kishida) द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की (Discussed Bilateral Issues) ।
फुमियो किशिदा वर्तमान में जापान-इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। फुमियो किशिदा चार अक्टूबर 2021 से एक अक्टूबर 2024 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे थे। इस बैठक में जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के बाद जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “टोक्यो में पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मिलकर खुशी हुई। हमने रणनीतिक सहयोग और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए उनके लगातार समर्थन की सराहना करता हूं।” जयशंकर इस समय जापान की आधिकारिक यात्रा पर हैं, जहां वह ‘भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की वार्ता’ (2+2 डायलॉग) के चौथे संस्करण में हिस्सा ले रहे हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को इंडिया-जापान इंडो-पैसिफिक फोरम को संबोधित करते हुए भारत-जापान संबंधों को दुनिया के लिए बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी सिर्फ द्विपक्षीय नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के लिए योगदान दे रही है। विदेश मंत्री ने इंडिया-जापान इंडो-पैसिफिक फोरम के नवीनतम संस्करण के लिए वीडियो संदेश जारी किया। फिलीपींस में आसियान-भारत समिट में शामिल होने के बाद विदेश मंत्री जापान पहुंचे। उन्होंने इस फोरम के आयोजन के लिए ‘दिल्ली पॉलिसी ग्रुप’ और ‘जापान इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स’ के प्रयासों की सराहना की। जयशंकर ने कहा कि भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी विश्वास और सद्भावना पर टिकी है और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण से जुड़ी है।
उन्होंने कहा, “दो बड़े एशियाई लोकतंत्र, गतिशील बाजार अर्थव्यवस्थाएं और समुद्री राष्ट्र होने के नाते, भारत और जापान एक स्वतंत्र, मुक्त और नियम आधारित इंडो-पैसिफिक के निर्माण के लिए जरूरी हैं। दोनों देश ‘इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव’ और विजन ‘महासागर’ पर मिलकर काम कर रहे हैं।” विदेश मंत्री ने आर्थिक सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि जापान की मैन्युफैक्चरिंग विशेषज्ञता और उन्नत तकनीक, भारत की उद्यमशीलता, पैमाने और प्रतिभा के साथ अच्छी तरह मेल खाती है। जापान हमारा एक महत्वपूर्ण एफटीए साझेदार है और ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य में योगदान दे रहा है। वहीं, भारत की स्थिर आर्थिक वृद्धि जापानी व्यवसायों को भारत में बनाकर दुनिया के लिए बनाने का अवसर देती है।
जयशंकर ने बताया कि 2027 में भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ होगी। इसे ‘इंडिया-जापान ईयर ऑफ शेयर्ड होराइजन्स’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें युवाओं को विभिन्न स्मारक गतिविधियों के केंद्र में रखा जाएगा। नागोया में एशियाई खेलों के दौरान भारत और जापान के बीच ऐतिहासिक क्रिकेट मैच ने इन उत्सवों की शुरुआत कर दी है। अपने संबोधन के अंत में विदेश मंत्री ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को याद किया। उन्होंने कहा, “पीएम आबे का भाषण ही था, जो अंततः इंडो-पैसिफिक को एक भू-रणनीतिक अवधारणा के रूप में आगे बढ़ाने का कारण बना। अगले साल इस विजन के 20 साल पूरे होने का उचित रूप से स्मरण किया जाना चाहिए।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved