
लखनऊ । कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी (Congress MP Pramod Tiwari) ने कहा कि भाजपा राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी है (BJP is not Devotee of Ram and Krishna but Trader of Them) ।
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नारे ‘राधे राधे, कमल खिला दे’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी है और जनता इन्हें भगवान राम और कृष्ण को बेचने नहीं देगी । कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, अब साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी भगवान की भक्त नहीं है। यह राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी है। उन्होंने ‘राधे राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया है, लेकिन उनकी पूजा-अर्चना स्वीकार नहीं होगी। इस नारे से भाजपा का चाल-चरित्र और चेहरा सामने आ गया है।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस के गठबंधन पर प्रमोद तिवारी ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन तय हो चुका है और आगे सीटों के बंटवारे पर बातचीत होनी है। प्रमोद तिवारी ने कहा, “यह पहले फैसला हो चुका है कि कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगी। अब बस यह तय होना बाकी है कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा, कौन किसकी मदद करेगा और कहां से दोनों को फायदा होगा। हमारा मकसद वही है जो हमारे शीर्ष नेताओं की इच्छा है कि ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतना और उत्तर प्रदेश को बीजेपी से मुक्त करना, जो इस राज्य को बर्बाद और तबाह कर रही है।”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “दोनों दलों के बीच सकारात्मक चर्चाएं चल रही हैं। वरिष्ठ नेता बैठकर बातचीत कर रहे हैं। दिन प्रति दिन हमारा गठबंधन मजबूत हो रहा है। जल्द ही सारे विषयों पर निर्णय हो जाएगा। हम 2027 में गठबंधन की सरकार बनाएंगे।” बेरोजगारी के मुद्दे पर अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “आज जब युवा नौकरियों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो उन पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। जब महिलाएं महंगाई को लेकर अपनी चिंताएं उठाती हैं, तो गैस और खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ा दिए जाते हैं। सच बोलना विपक्ष की नैतिक जिम्मेदारी है। सरकार को सच्चाई दिखाना और यह बताना कि जनता क्या चाहती है। आने वाले 2027 के चुनाव साफ कर देंगे कि जनता क्या चाहती है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved