
जबलपुर। अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया था, लेकिन यहां दुकानदारों का बढ़ता दायरा यात्रियों के लिए मुसीबत बन गया है। जिन दुकानों का क्षेत्रफल 200 वर्गफीट निर्धारित था, वहां कुछ दुकानदारों ने कथित तौर पर 400 वर्गफीट तक जगह घेर ली है। खान-पान की दुकानों के सामने कुर्सियां और मेजें लगाकर रास्तों तक कब्जा जमा लिया गया है। हालात यह हैं कि बस पकडऩे की जल्दबाजी में पहुंचे यात्रियों को सामान लेकर निकलने तक की जगह नहीं मिलती। मुख्य गेट के सामने भी कुर्सियां जमाए जाने से आवाजाही बाधित हो रही है। बस स्टैंड के भीतर फैली इस अव्यवस्था की जानकारी प्रबंधन को होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। यहां की गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था होने के बाद भी अतिक्रमण और अव्यवस्थित दुकानों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
चहेते दुकानदारों पर मेहरबानी के आरोप
परिसर में कुछ दुकानदारों को नियमों से अधिक छूट दिए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। आरोप है कि इसी वजह से निर्धारित जगह से बाहर दुकानें फैलाने वालों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही। यदि दुकानों का आवंटन तय क्षेत्रफल के आधार पर हुआ है तो उससे अधिक जगह का उपयोग किसकी अनुमति से किया जा रहा है? प्रबंधन को दुकानों के वास्तविक क्षेत्रफल और मौके पर किए गए कब्जे का मिलान करना चाहिए।
पानी और सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल
आईएसबीटी पहुंचने वाले यात्रियों को केवल रास्तों की अव्यवस्था ही नहीं, बल्कि पेयजल और साफ-सफाई की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। यात्रियों की शिकायत है कि परिसर में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई लोगों को मजबूरी में दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है। गंदगी और अव्यवस्थित परिसर के कारण बाहर से आने वाले यात्रियों और पर्यटकों के सामने शहर की छवि भी प्रभावित होती है।
चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था
जेसीटीएसएल की असिस्टेंट सीईओ शीतल उपाध्याय के अनुसार, दुकानदारों को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है कि वे अपनी दुकानें व्यवस्थित रखें और कुर्सियां परिसर में फैलाकर यात्रियों के रास्ते बाधित न करें। इसके बावजूद दुकानदार व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे हैं और शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदारों के दबंग रवैये के कारण कार्रवाई करने में कठिनाई आती है।
दुकान छोटी, कब्जा दोगुना; रास्ते पर जमाया कारोबार
आईएसबीटी परिसर में कई खान-पान की दुकानों और स्टॉल संचालकों ने अपनी निर्धारित जगह से बाहर कुर्सियां और मेजें लगा रखी हैं। इससे यात्रियों के आने-जाने के रास्ते संकरे हो गए हैं। मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास भी बैठने की व्यवस्था फैलने से भीड़ के समय निकलना मुश्किल हो जाता है। यात्रियों को अपने बैग और लगेज के साथ रास्ता तलाशना पड़ता है। कई बार बस तक पहुंचने के लिए उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
सीसीटीवी में सब कैद, फिर भी कार्रवाई बेअसर
आईएसबीटी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और संचालन से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी जेसीटीएसएल के जिम्मेदार अधिकारियों के माध्यम से होती है। इसके बावजूद दुकानदारों द्वारा निर्धारित सीमा से बाहर जगह घेरने और रास्तों पर कुर्सियां लगाने की स्थिति बनी हुई है। परिसर में पुलिस की नियमित मौजूदगी और नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दल की कार्रवाई भी नजर नहीं आती। ऐसे में सवाल उठता है कि कैमरों में अतिक्रमण दिखाई देने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved