
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों को राहत देते हुए आंशिक निकासी के नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत 55 साल से कम उम्र के सदस्य अपने पात्र PF बैलेंस का 90 फीसदी तक पैसा निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75 फीसदी थी। इसके साथ ही बेरोजगारी की स्थिति में PF से पैसा निकालने के लिए जरूरी इंतजार भी कम कर दिया गया है। इससे नौकरी छूटने या अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को राहत मिल सकती है।
EPFO के नए नियमों के तहत 55 साल से कम उम्र के सदस्य अपने पात्र प्रोविडेंट फंड बैलेंस का अधिकतम 90 फीसदी तक हिस्सा निकाल सकेंगे। पहले आंशिक निकासी की अधिकतम सीमा 75 फीसदी थी। यानी अब जरूरत पड़ने पर कर्मचारी अपनी PF बचत का पहले से ज्यादा हिस्सा इस्तेमाल कर पाएंगे।हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर सदस्य बिना किसी शर्त के 90 फीसदी रकम निकाल सकता है। निकासी की अनुमति उसके उद्देश्य, पात्रता और संबंधित नियमों पर निर्भर करेगी। EPFO ने रिटायरमेंट के लिए बचत पूरी तरह खत्म न हो, इसके लिए कुछ रकम खाते में सुरक्षित रखने का प्रावधान भी बनाए रखा है।
नए नियमों में सबसे बड़ी राहत उन कर्मचारियों को मिली है, जिनकी नौकरी चली जाती है। पहले बेरोजगारी की स्थिति में PF से पैसा निकालने के लिए 12 महीने की सदस्यता अवधि पूरी होने का इंतजार करना पड़ता था। अब इस अवधि को घटाकर सिर्फ दो महीने कर दिया गया है। इस बदलाव से नौकरी छूटने के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रहे कर्मचारियों को अपनी बचत तक पहुंचने में आसानी होगी। हालांकि, निकासी के लिए लागू पात्रता शर्तों का पालन करना जरूरी होगा।
ईपीएफ स्कीम,, 2026 के तहत आंशिक निकासी से जुड़े प्रावधानों को तीन बड़ी कैटेगरी में रखा गया है। इनमें जरूरी जरूरतें, आवास संबंधी जरूरतें और विशेष परिस्थितियां शामिल हैं। हर कैटेगरी के लिए पात्रता, निकासी की सीमा और कितनी बार पैसा निकाला जा सकता है, इसकी अलग-अलग शर्तें लागू होंगी।
पात्र सदस्य EPFO के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के जरिए PF निकासी के लिए आवेदन कर सकते हैं। नए नियमों का उद्देश्य प्रक्रिया को आसान बनाना और जरूरत के समय कर्मचारियों को उनकी बचत तक बेहतर पहुंच देना है। हालांकि, आवेदन करने से पहले संबंधित निकासी कैटेगरी की शर्तें और अपना पात्र बैलेंस जरूर जांच लें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved