
शिकागो/नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress leader Rahul Gandhi) ने कहा कि विपक्ष के लिए (For Opposition) भारतीय लोकतंत्र पवित्र है (Indian Democracy is Sacred) ।
अपने दो दिवसीय अमेरिका दौरे के दौरान न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बाद बुधवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत की चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अपने विचार रखे । राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि तमाम चुनौतियों के बावजूद विपक्ष चुनावों का बहिष्कार करने के पक्ष में नहीं है, क्योंकि ऐसा करने से जनता की नजर में पूरी चुनावी प्रक्रिया की प्रमाणिकता समाप्त हो जाएगी।
शिकागो यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है और वे इसके ढांचे को किसी भी कीमत पर नष्ट नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, “अगर हम यह कहें कि हम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे, तो भारतीय लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा।” कांग्रेस नेता के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें और पूरे विपक्ष को काफी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद वे जानबूझकर चुनावों से दूर रहने का कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विपक्ष की रणनीति देश में जो कुछ हो रहा है, उसे जनता के सामने लाने और उस पर निरंतर संवाद बनाए रखने की है।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का दिया हवाला: अपने संबोधन में राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि उन्हें भारत के चुनाव आयोग के भीतर से जानकारी मिल रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं अब यह कह रहे हैं— “देखिए, हम अब और इस तरह से काम नहीं चला सकते।” लोकतांत्रिक प्रणाली पर सवाल उठाने की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए भारतीय लोकतंत्र अत्यंत पवित्र है और जब तक उनके पास 100 प्रतिशत पुख्ता सबूत न हों, तब तक उनके लिए यह कहना भी मुश्किल होता है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved