
12वीं और 8वीं पास भी 4 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
इंदौर। दिव्यांगजनों (disabilities) के लिए सरकारी नौकरी (government employment) पाने का मौका है। वाणिज्यिक कर विभाग (Commercial Tax Department) ने इंदौर (Indore) में 13 पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें 9 पद सहायक ग्रेड-3 और 4 पद भृत्य (चपरासी) के हैं। इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थी 4 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
सामाजिक न्याय एवं मिशन कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देश के बाद इंदौर में भी सरकारी विभागों द्वारा सरकारी नौकरियों पर दिव्यांगों की सीधी भर्ती की जाना शुरू हो गई है। इंदौर संभाग-2 द्वारा सहायक ग्रेड-3 एवं चतुर्थ श्रेणी के कुल 13 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए 18 से 45 साल की उम्र वाले पात्र दिव्यांग आवेदन कर सकते हैं। चयन वॉक-इन-इंटरव्यू एवं निर्धारित शैक्षणिक योग्यता की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। सहायक ग्रेड-3 के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ कम्प्यूटर चलाने, हिंदी टाइपिंग और एक साल का कम्प्यूटर डिप्लोमा होना भी जरूरी है, वहीं भृत्य के पद के लिए केवल आठवीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। सहायक ग्रेड-3 को 19,500 से 62 हजार रुपए और भृत्य को 15,500 से 49 हजार रुपए तक वेतन मिलेगा। आवेदक मध्यप्रदेश का निवासी होना भी जरूरी है।
ये दस्तावेज देने होंगे
आवेदन संभागीय उपायुक्त, वाणिज्यिक कर, इंदौर संभाग-2, मोती बंगला परिसर, एमजी रोड स्थित कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन डाक से भी भेज सकते हैं। आवेदन का प्रारूप विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। आवेदन के साथ पढ़ाई की मार्कशीट, निवास प्रमाण-पत्र, उम्र का प्रमाण, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और रोजगार कार्यालय में पंजीयन की जानकारी देना होगी। दिव्यांगता का यूडीआईडी पोर्टल से जारी डिजिटल प्रमाण-पत्र ही मान्य होगा। दोनों पदों के लिए अलग-अलग आवेदन करना होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved