
कुत्ते के काटने पर 15 मिनट तक बहते पानी से धोना जरूरी
इंदौर। स्वास्थ्य विभाग (Health Department) ने चिकित्सा अधिकारियों (Medical Officers) और नर्सिंग ऑफिसरों (Nursing Officers) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम इसलिए आयोजित किया, ताकि कुत्तों के काटने से होने वाले रैबीज और सर्पदंश से होने वाली मौतों को कैसे रोका जाए।
राष्ट्रीय रैबीज नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रशिक्षण में डॉक्टरों को कुत्ते और अन्य संक्रमित पशुओं के काटने पर तत्काल की जाने वाली प्राथमिक कार्रवाई से लेकर टीकाकरण और उपचार की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए हिदायत दी गई कि पीड़ित को तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जाए। सर्पदंश के मामलों में जहरीले और गैर-जहरीले सांपों की पहचान, मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने, प्राथमिक उपचार और एंटीस्नेक वेनम के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी डॉ. निर्मला अखंड, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंशुल मिश्रा और जिला डेटा मैनेजर शारदा राय त्रिपाठी ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। डॉ. हसानी ने कहा कि किसी क्षेत्र में अचानक पशुओं के काटने की घटनाओं में वृद्धि या समूह में मामले सामने आने पर तत्काल जिला स्तर पर आईडीएसपी शाखा को सूचना देने को कहा। गंभीर सर्पदंश के मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर रैफर करने और उपचार के दौरान किसी तरह की देरी नहीं होने देने पर भी जोर दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि कुत्ते के काटने पर घाव को साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए। इसके बाद एंटीरैबीज वैक्सीन और जरूरत के अनुसार रैबीज इम्युनोग्लोबुलिन देना जरूरी है। निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम का पालन भी अनिवार्य बताया गया।
झाड़-फूंक और घरेलू उपचार में समय गंवाने से बचने की सलाह
उन्होंंने कहा कि लोगों में जागरूकता फैलाई जाए, ताकि सांप के काटने पर झाड़-फूंक, अंधविश्वास और घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद न करें। काटे गए स्थान पर चीरा लगाना, जहर चूसना या कसकर पट्टी बांधना जैसी गतिविधियों से भी बचना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved