
उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार, सुरक्षाकर्मियों की मनमानी और दर्शन व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को करणी सेना ने मोर्चा खोल दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं और संतों ने मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक को पद से हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने तरणताल से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि महाकाल मंदिर में व्यवस्थाएं लगातार बिगड़ रही हैं। श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के साथ हुई अभद्रता और वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर उपजे विवाद ने भी नाराजगी बढ़ाई है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों की मनमानी पर अंकुश लगाने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने मंदिर प्रशासक को जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल हटाने की मांग की।
प्रशासक के कार्यकाल पर उठाए सवाल, मंदिर की छवि खराब होने का आरोप
करणी सेना के शैलेंद्र सिंह झाला ने कहा कि प्रथम कौशिक के कार्यकाल में मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। श्रद्धालुओं के साथ होने वाला व्यवहार महाकाल मंदिर की गरिमा और प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं है। इससे देश-विदेश में मंदिर की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने कलेक्टर से प्रशासक को तत्काल हटाने और मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। झाला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासक को नहीं हटाया गया तो करणी सेना इस मुद्दे पर खुद आंदोलन की कमान संभालेगी। उन्होंने मंदिर की छवि खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जूते की माला पहनाने जैसी तीखी चेतावनी भी दी। उनका कहना था कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र, व्यवस्था भी उसी स्तर की हो
करणी सेना के नगर अध्यक्ष लव ठाकुर ने कहा कि महाकाल मंदिर केवल उज्जैन ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार और सुचारु दर्शन व्यवस्था मंदिर प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले भक्तों को अव्यवस्थाओं और दुर्व्यवहार का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाना जरूरी है। प्रदर्शन के माध्यम से करणी सेना ने मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासक को हटाने और श्रद्धालुओं के सम्मान के साथ बेहतर दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved