img-fluid

सिंहस्थ में 4जी-5जी नेटवर्क के लिए 12 नए टॉवर..122 जगह लगेंगे मोबाइल टावर

November 20, 2026

  • श्रद्धालुओं की भीड़ के हिसाब से बढ़ेगी नेटवर्क क्षमता-रेलवे स्टेशन और फ्लैग स्टेशनों पर भी लगेंगे अस्थायी टॉवर, अंडरग्राउंड केबल के लिए सड़कों में बिछाएंगे पाइप

उज्जैन। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को मोबाइल नेटवर्क की परेशानी न हो, इसके लिए मेला क्षेत्र में संचार व्यवस्था मजबूत की जाएगी। यहां 12 नए सेल टॉवर बनाए जाएंगे, जबकि 122 स्थानों पर अस्थायी सेल ऑन व्हील (सीओडब्ल्यू) लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि वर्ष 2016 के सिंहस्थ में जहां 2जी-3जी नेटवर्क की सुविधा थी, वहीं 2028 में 4जी-5जी नेटवर्क के अनुसार तैयारी की जा रही है। संचार व्यवस्था को लेकर संभागायुक्त आशीष सिंह ने गुरुवार को बीएसएनएल, जियो, एयरटेल और इंडस टॉवर कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें तय किया गया कि श्रद्धालुओं की रोजाना जुटने वाली भीड़ के अनुसार मोबाइल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाई जाएगी, ताकि एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के मोबाइल इस्तेमाल करने पर नेटवर्क जाम न हो।



  • रेलवे स्टेशन पर भी लगेंगे टॉवर
    उज्जैन रेलवे स्टेशन पर दो अतिरिक्त सेल ऑन व्हील लगाए जाएंगे। आसपास बनने वाले फ्लैग स्टेशनों पर भी ऐसी व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा बिजली के खंभों और पानी की टंकियों जैसे स्थायी ढांचों पर भी मोबाइल नेटवर्क के उपकरण लगाने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए नगर निगम और बिजली कंपनी को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

    सड़कों के साथ बिछेगी फाइबर लाइन
    शहर में नई बनने वाली और चौड़ी की जा रही सड़कों के मीडियन हिस्से में ऑप्टिकल फाइबर केबल के लिए 6 इंच के पाइप डालने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बार-बार सड़क खोदे बिना संचार लाइन बिछाई जा सकेगी। मेला क्षेत्र के डिजिटल नक्शे में ऑप्टिकल फाइबर लाइन को अलग रंग से दर्शाया जाएगा। टेलीकॉम कंपनियों को नए उपकरण लगाने और टॉवर शिफ्ट करने की अनुमति समय पर मिले, इसके लिए नगर निगम को एक केंद्रीय व्यवस्था बनाने को कहा गया है। बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एडीएम अतेन्द्र सिंह गुर्जर भी मौजूद थे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved