
- उज्जैन बना वेडिंग डेस्टिनेशन-महानगरों से कम खर्च में हो रही है उज्जैन में शादी
उज्जैन। शहर में आज देवउठनी ग्यारस से शादियाँ शुरू होने जा रही हैं और महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान के कई परिवार उज्जैन में शादी करने आ रहे हैं तथा महाकाल की नगरी अब वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी लोकप्रिय हो रही है।
यहाँ बड़ी मैरिज गार्डन और रिसोर्ट खुल चुके हैं तथा 700 से 800 रुपए प्लेट में डिनर पार्टी हो जाती है। इसके अलावा वर-वधु तथा मेहमानों को महाकाल के दर्शन भी मिल जाते हैं, जबकि इंदौर-भोपाल में शादी का खर्च करीब दो गुना हो जाता है। माना जा रहा है कि इस शादी के सीजन में करीब 40 करोड़ रुपए का खर्च होने जा रहा है तथा अधिकांश होटल एवं गार्डन बुक हैं। ऐसे वर-वधु के परिवार यहाँ आकर शादी कर रहे हैं जिनका उज्जैन से कोई संबंध नहीं है लेकिन महाकाल की नगरी होने के कारण वे यहाँ पर शादी कर रहे हैं। मुख्य होटलों एवं गार्डनों में आकर्षक साज-सज्जा की जा रही है। इसके अलावा रिश्तेदारों और निमंत्रित मेहमानों को ठहराने के लिए होटलों में कमरे में बुक किए गए हैं। इस शादी के सीजन में 30 से 40 प्रतिशत शादियाँ बाहर के परिवारों की हैं। महाराष्ट्र और गुजरात के परिवार भी यहाँ आकर शादियाँ कर रहे हैं।