
- दो साल पहले 6 चार्जिंग स्टेशन लगाने का प्रस्ताव हुआ था पास, टेंडर के बाद भी जमीन पर नहीं उतरी योजना
उज्जैन। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन चार्जिंग स्टेशन की सुविधा अब तक नहीं बढ़ पाई है। नगर निगम ने शहर में कम से कम 6 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बनाई थी, लेकिन यह योजना आज भी फाइलों में ही अटकी हुई है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम परिषद में करीब ढाई साल पहले शहर में 6 चार्जिंग स्टेशन लगाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया था। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की गई और कुछ एजेंसियों ने इसमें रुचि भी दिखाई, लेकिन अब तक एक भी स्टेशन शुरू नहीं हो पाया है। शहर में अब हजारों इलेक्ट्रिक वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों को सबसे ज्यादा चिंता चार्जिंग को लेकर रहती है। लोगों का कहना है कि बैटरी खत्म होने की स्थिति में शहर में चार्जिंग की कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इलेक्ट्रिक वाहन कारोबारियों के मुताबिक नई तकनीक के ईवी एक बार चार्ज होने पर करीब 70 से 150 किलोमीटर तक की दूरी तय कर लेते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों के मन में चार्जिंग को लेकर डर बना रहता है। उनका कहना है कि शहर में कम से कम 5 से 6 प्रमुख स्थानों पर चार्जिंग पॉइंट जरूरी हैं, तभी ज्यादा लोग ईवी अपनाने के लिए आगे आएँगे। वर्तमान स्थिति यह है कि शहर में नगर निगम स्तर पर एक भी सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध नहीं है। इससे ईवी उपयोगकर्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि योजना को लेकर प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी तक इसे धरातल पर नहीं उतारा जा सका है।