
उज्जैन। कल आरपीएफ की टीम ने रेलवे स्टेशन पर घूम रहे नाबालिग बालक को पकड़ा और पूछताछ की तो उसने बताया कि वह उत्तराखंड से आया है। बालक को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है। इधर कल महाकाल थाना पुलिस ने राजकोट के परिवार से बिछड़े दो नाबालिग बच्चों को तलाश कर परिजनों के हवाले कर दिया।
आरपीएफ के पुलिस जवान सत्यनारायण पडिय़ार कल स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें एक 12 वर्षीय बालक इधर-उधर अकेला घूमता दिखा। इस पर आरपीएफ जवान उसके पास गए और पूछताछ की तो उसने अपना नाम कुणाल पिता दीपक भारती निवासी होशियारी मंदिर रायवाला उत्तराखंड बताया। बालक ने बताया कि वह परिजनों से गुस्सा होकर घर से निकल गया और यहाँ आ गया था। उक्त बालक को नागझिरी के बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है, वहीं परिवार को सूचना भेज दी गई है। यहाँ आने के बाद परिवार के हवाले किया जाएगा। इधर कल महाकाल थाना पुलिस ने दो बच्चों के परिवार से बिछडऩे की सूचना मिलने के बाद तलाशी शुरू की और कुछ देर बाद महाकाल रोड के पास से बरामद कर लिया। कल मंदिर परिसर में भीड़ अधिक थी और राजकोट से आए परिवार के दो जुड़वा बच्चे उनसे खो गए थे। सूचना के बाद पुलिस ने उन्हें ढूंढा और महाकाल रोड पर ही दोनों बच्चे रोते-बिलखते मिल गए। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों की उम्र 6-6 साल है। बच्चों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved