
धार। मध्य प्रदेश के धार शहर में पतंग के नायलॉन मांझे की चपेट में आने से 13 साल के बच्चे की गर्दन कट गई। बालक अपनी दादी और छोटे भाई के साथ बाइक से बंदी छोड़ बाबा के दर्शन करने जा रहा था तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना में बालक के गले में करीब 10 टांके आए हैं वहीं बाइक गिरने से उसकी दादी और एक अन्य शख्स भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार डाबरी निवासी 13 वर्षीय अल्तमश आठवीं कक्षा का छात्र है। वह अपनी दादी और छोटे भाई के साथ बाइक से बंदी छोड़ बाबा के दर्शन करने जा रहा था। बंदी छोड़ से कुछ दूरी पहले ही अचानक पतंग का नायलॉन मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया और तेज धार से खून बहने लगा। इससे संतुलन बिगड़ने पर वह बाइक सहित दादी के साथ गिर पड़ा। हादसे में दादी घायल हो गईं और एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोट आई।
निजी अस्पताल में उपचार जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार करते हुए उसके गले में अंदर व बाहर लगभग 10 टांके लगाए। फिलहाल बालक की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि अस्पताल में उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर नौगांव पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बालक व परिजनों के बयान दर्ज कर पंचनामा बनाया जा रहा है।
प्रतिबंध के बावजूद बाजार में मांझा, सख्त कार्रवाई की मांग
बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष जिला प्रशासन ने चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए इसकी होली जलाई थी और इससे पहले एक बालक की गला कटने से मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद चोरी-छिपे मांझा फिर बाजार में पहुंच गया है और मकर संक्रांति से दो माह पहले ही इसके इस्तेमाल से हादसा हो गया। परिजनों ने मांझा बेचने और इससे पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व प्रतिबंध लागू रखने की अपील की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved