
जबलपुर। भारतीय सेना और नागरिकों के बीच आपसी जुड़ाव, राष्ट्रप्रेम और फिटनेस की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित सूर्य हाफ मैराथन 2026 में जबलपुर दौड़ता नजर आया। हेडक्वार्टर सेंट्रल कमांड के तत्वावधान में हेडक्वार्टर मध्य भारत एरिया द्वारा आयोजित मैराथन के चौथे संस्करण में करीब 7,500 धावकों ने हिस्सा लेकर नया रिकॉर्ड बनाया। इसमें सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस वर्ष मैराथन की थीम शहीदों को सम्मान, पूर्व सैनिकों को नमन रखी गई थी। इसके माध्यम से देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, वहीं पूर्व सैनिकों की सेवाओं और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल हरबिंदर सिंह वंद्रा (एवीएसएम, एसएम) ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। इस अवसर पर सेना और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियां रखी गई थीं। हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाई। आयोजन के दौरान पैरा-मोटर और हॉट एयर बैलून का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक लोक प्रस्तुतियां और जुम्बा सत्रों ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया। भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन, पुलिस, व्यापारिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों से यह आयोजन सफल रहा। मैराथन ने न केवल खेल और फिटनेस को बढ़ावा दिया, बल्कि साहस, अनुशासन, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने आयोजन की सराहना करते हुए भारतीय सेना, हेडक्वार्टर मध्य भारत एरिया, जिला एवं पुलिस प्रशासन, आयोजन से जुड़े अधिकारियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों को बधाई दी। कैट ने कहा कि इस तरह के आयोजन जबलपुर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी में अनुशासन की भावना विकसित करते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved