img-fluid

MP पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा स्थगित, 7.54 लाख उम्मीदवारों पर असर

November 24, 2026

भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में 7500 पुलिस कांस्टेबल पदों (Police constable posts) के लिए होने वाली भर्ती परीक्षा स्थगित किए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है. विपक्ष ने सरकार से परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित करने और भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने रविवार देर रात नोटिफिकेशन जारी कर 19 से 22 नवंबर के बीच प्रस्तावित परीक्षाओं को स्थगित करने की जानकारी दी थी. इस भर्ती के लिए करीब 7.54 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने परीक्षा स्थगित होने पर भाजपा सरकार की आलोचना की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि महीनों से तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवार परीक्षा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सरकार समय पर परीक्षा कराने में विफल रही. सिंघार ने कहा कि कुछ युवा दिन-रात पढ़ाई कर रहे हैं, कुछ नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे हैं और कई अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं. उनके मुताबिक, भाजपा सरकार को युवाओं की चिंता नहीं है और वह केवल विज्ञापनों पर ध्यान दे रही है.


  • कांस्टेबल पद के लिए 42 PhD धारकों ने किया आवेदन
    सिंघार ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए भर्ती के आंकड़ों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिस कांस्टेबल पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास थी, उसके लिए 42 PhD धारकों, 12 हजार इंजीनियरों, 51 हजार पोस्ट ग्रेजुएट और 3.25 लाख ग्रेजुएट उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. उन्होंने मोहन यादव सरकार से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने और तत्काल परीक्षा की नई तारीख घोषित करने की मांग की.

    CPI(M) ने भी सरकार से मांगा जवाब
    कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने भी परीक्षा स्थगित किए जाने पर नाराजगी जताई. उन्होंने बयान जारी कर कहा कि 7,500 कांस्टेबल पदों की भर्ती परीक्षा अचानक टलने से 7.54 लाख उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं. जसविंदर सिंह के मुताबिक, उम्मीदवारों ने कोचिंग पर हजारों रुपये खर्च किए और महीनों तक तैयारी की थी. ऐसे में बिना किसी ठोस कारण के परीक्षा स्थगित करना युवाओं के साथ अन्याय है. उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजित करने में सरकार की अक्षमता का खामियाजा प्रदेश के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है. CPI(M) ने भी सरकार से बिना देरी किए परीक्षा की नई तारीख घोषित करने की मांग की है.

    नई तारीख घोषित करने की मांग
    परीक्षा स्थगित होने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार और कर्मचारी चयन मंडल से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. कांग्रेस और CPI(M) का कहना है कि भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों ने लंबे समय से तैयारी की है. इसलिए परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित कर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved